Latest News
जबलपुर में शादी की खुशियों में लगा ग्रहण: बंद सूटकेस से गायब हुआ सोने का हार, चोर फरार
शादी की खुशियों में लगा ग्रहण: बंद सूटकेस से गायब हुआ सोने का हार, चोर फरार

जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान चोरी की वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोर ने सूटकेस का ताला तोड़कर महिला का सोने का हार चोरी कर लिया। घटना के बाद शादी वाले घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिवार के लोग हैरान रह गए।
पुलिस के मुताबिक छिंदवाड़ा निवासी 52 वर्षीय मिथलेश नागिया अपनी बहन संगीता रैकवार के घर शादी समारोह में शामिल होने रांझी आई थीं। उन्होंने सुबह करीब 9 बजे अपना सोने का हार उतारकर पर्स में रखा और पर्स को सूटकेस के अंदर रखकर ताला लगा दिया था।
शाम करीब 4 बजे जब वह दोबारा हार निकालने पहुंचीं तो देखा कि सूटकेस का ताला टूटा हुआ है। जांच करने पर पता चला कि सूटकेस में रखा करीब 1.5 तोले का सोने का हार गायब है। आशंका है कि किसी अज्ञात चोर ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलने पर रांझी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।



