जबलपुर: मदनमहल थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद: स्टेशन के बाहर महिला से झपटमारी, पुलिस पर उठे सवाल
मदनमहल थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद: स्टेशन के बाहर महिला से झपटमारी, पुलिस पर उठे सवाल

जबलपुर के मदनमहल थाना क्षेत्र में पुलिस की लचर सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शहर के व्यस्त मदनमहल रेलवे स्टेशन के बाहर एक महिला से झपटमारी की घटना ने यह साफ कर दिया है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ लगभग खत्म हो चुका है। बाइक सवार दो बदमाश महिला का बैग छीनकर फरार हो गए और पुलिस हमेशा की तरह घटना के बाद सक्रिय नजर आई।
जानकारी के अनुसार पीड़िता रेवती सिलावट उर्फ रेखा (24) निवासी ग्राम कंजई, जिला नरसिंहपुर विंध्याचल एक्सप्रेस से मदनमहल स्टेशन पहुंची थी। महिला प्लेटफॉर्म नंबर 4 के बाहर ओवरब्रिज के नीचे अपने भाई का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 9 बजे काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उसके बाजू में टंगा बैग झपट्टा मारकर भाग निकले।
महिला के बैग में आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, सोने के कान के बाले, चैन, चांदी की पायल और 15 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से लिंक रोड की ओर फरार हो गए।
हैरानी की बात यह है कि मदनमहल स्टेशन शहर का संवेदनशील और भीड़भाड़ वाला इलाका है, जहां यात्रियों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद बदमाशों का इस तरह खुलेआम वारदात को अंजाम देना मदनमहल थाना पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में झपटमारी और चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। आम नागरिकों, खासकर महिलाओं में असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।
फिलहाल मदनमहल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जब रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण इलाके में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आखिर आम जनता सुरक्षा की उम्मीद किससे करे?
अब देखना होगा कि मदनमहल पुलिस इन झपटमारों को पकड़ने में कितनी जल्दी सफलता हासिल करती है या फिर यह मामला भी सिर्फ जांच तक सीमित रह जाएगा।



