Latest News

जबलपुर में जमीन विवाद में रिश्तों पर चली लाठी, चाचा-भतीजे के परिवार में खूनी संघर्ष; 4 घायल

जमीन विवाद में रिश्तों पर चली लाठी, चाचा-भतीजे के परिवार में खूनी संघर्ष; 4 घायल

जबलपुर के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राखी वरवटा में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जमीन को लेकर लंबे समय से चल रही रंजिश के चलते एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों में डंडों से जमकर मारपीट हुई।
घटना 16 मई 2026 की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। मारपीट के बाद दोनों पक्ष सीधे पाटन थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष से हर्षवर्धन पटेल (19 वर्ष) निवासी ग्राम राखी वरवटा ने शिकायत में बताया कि उसका अपने चाचा अमित पटेल से पहले से विवाद चल रहा है। घटना वाली रात वह घर पर कुछ काम कर रहा था, तभी अमित पटेल वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी।
हर्षवर्धन के मुताबिक, जब उसने गालियां देने से मना किया तो अमित पटेल ने गुस्से में आकर डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में हर्षवर्धन की पीठ पर चोट आई। शोर-शराबा सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।
बीच-बचाव करने पहुंचे हर्षवर्धन के पिता अश्वनी पटेल और चाचा विभाष पटेल के साथ भी धक्का-मुक्की और झूमाझपटी हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई।
वहीं दूसरे पक्ष से अमित पटेल (35 वर्ष) ने भी अपनी रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अलग आरोप लगाए हैं। अमित का कहना है कि विवाद जमीन पर निर्माण कार्य को लेकर शुरू हुआ। परिवार में जमीन के उपयोग और निर्माण को लेकर पहले से तनाव बना हुआ था।
अमित पटेल के अनुसार, फोन पर हुई बातचीत के बाद हर्षवर्धन गुस्से में उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। समझाने और रोकने की कोशिश करने पर हर्षवर्धन ने डंडे से हमला कर अमित के कंधे में चोट पहुंचा दी।
अमित ने यह भी आरोप लगाया कि इसके बाद अश्वनी पटेल और विभाष पटेल भी मौके पर पहुंचे और डंडों से हमला किया। इस मारपीट में अमित को पीठ, घुटने और गले में चोटें आई हैं।
घटना में घायल हुए लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनमें हर्षवर्धन पटेल, अमित पटेल, अश्वनी पटेल और विभाष पटेल शामिल हैं। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया है।
पाटन थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर धारा 296(बी), 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पारिवारिक जमीन विवाद अब गंभीर रूप ले चुका है। पुलिस ने फिलहाल मामले को विवेचना में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button