जबलपुर में मारपीट की तीन घटनाएं: गोरखपुर और पनागर में बुजुर्ग सहित कई घायल, आरोपियों की तलाश जारी
मारपीट की तीन घटनाएं: गोरखपुर और पनागर में बुजुर्ग सहित कई घायल, आरोपियों की तलाश जारी

जबलपुर। जिले में लगातार मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। ताजा मामलों में थाना गोरखपुर और थाना पनागर क्षेत्रों में तीन अलग-अलग घटनाओं में बुजुर्ग सहित कई लोग घायल हो गए। सभी मामलों में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पहली घटना थाना गोरखपुर क्षेत्र की है, जहां 20 जून 2026 की सुबह जान डेविड (उम्र 79 वर्ष), निवासी एमजीएम स्कूल के पास सेठीनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह व्हीकल फैक्ट्री से सेवानिवृत्त पेंशनर हैं। 19 जून की रात लगभग 8:30 बजे वह अपनी बहन उमा सिंह के घर गए थे, जहां उनका भांजा सुप्रिय सिंह किसी बात को लेकर विवाद कर रहा था।
जान डेविड ने जब सुप्रिय सिंह को समझाने का प्रयास किया, तो स्थिति बिगड़ गई। इसी दौरान सुप्रिय सिंह की पत्नी नेहा सिंह, उसकी बड़ी बहन निकिता सिंह और भाई अभिषेक थामस मौके पर आ गए और तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर नेहा सिंह ने मोबाइल से हमला कर जान डेविड की आंख के ऊपर भौंह के पास चोट पहुंचाई।
जब उनके बेटे जय डेविड ने बीच-बचाव किया, तो निकिता सिंह और अभिषेक थामस ने पत्थरों से हमला कर उसे भी घायल कर दिया। इस हमले में जय डेविड को आंख के पास और घुटने में चोटें आईं। घटना के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
दूसरी घटना भी थाना गोरखपुर क्षेत्र की है। आदित्य स्वामी (उम्र 18 वर्ष), निवासी बगीचा नंबर 55 पासी मोहल्ला केण्ट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह तैयब अली पेट्रोल पंप के पास कपड़ों की दुकान में काम करता है। 19 जून की रात करीब 9:45 बजे वह गोरखपुर गुरुद्वारा के सामने कपड़े डाई कराने गया था, तभी वहां साहिल ठाकुर मिला।
पुराने विवाद को लेकर साहिल ठाकुर ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान उसका साथी प्रतीक भी मौके पर पहुंच गया और दोनों ने मिलकर आदित्य स्वामी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। साहिल ठाकुर ने किसी नुकीली वस्तु से हमला कर उसकी बाईं जांघ में चोट पहुंचाई। घटना के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
तीसरी घटना थाना पनागर क्षेत्र की है। 20 जून 2026 को रामदुलारी दाहिया (उम्र 40 वर्ष), निवासी ग्राम टिकारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके बेटे मोहित दाहिया के साथ पहले काम को लेकर शुभम पटेल ने मारपीट की थी।
सुबह लगभग 8:30 बजे जब रामदुलारी दाहिया अपने बेटे के साथ खाले बखरी पहुंचीं और शुभम पटेल से मारपीट का कारण पूछा, तो वह डंडा लेकर खड़ा था। पूछताछ करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसकी मां अनुसुईया कुर्मी भी मौके पर आ गई और दोनों ने मिलकर रामदुलारी दाहिया के साथ झूमाझपटी करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
इस घटना में रामदुलारी दाहिया को हाथ और गर्दन में चोटें आईं, जबकि उनके बेटे मोहित दाहिया के पैर में चोट आई है। मामले में पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
तीनों ही मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। लगातार बढ़ती मारपीट की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और आमजन पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



