जबलपुर में मिलावटखोरों की शामत! मिठाई-डेयरी प्रतिष्ठानों पर खाद्य विभाग का शिकंजा
मिलावटखोरों पर बड़ा शिकंजा! खाद्य विभाग की छापेमारी में खोवा, पेड़ा, घी-पनीर और नमकीन के सैंपल

जबलपुर। मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री के कारोबार पर लगाम लगाने प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बुधवार को कटंगी से लेकर जबलपुर शहर तक कई खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए।
कटंगी में तीन प्रतिष्ठानों की जांच,
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने राजस्व अधिकारियों के साथ कटंगी में अभिषेक खोवा भंडार, झुर्रे के रसगुल्ला और सलैया नमकीन का निरीक्षण किया। टीम ने अभिषेक खोवा भंडार से खोवा, झुर्रे के रसगुल्ला से खोवा और रसगुल्ला, जबकि सलैया नमकीन से बेसन और नमकीन के सैंपल लिए।
जबलपुर शहर में भी कार्रवाई,
इसके बाद टीम ने नौदरा ब्रिज स्थित मनोहर स्वीट से पेड़ा, गोरखपुर स्थित उमेश डेयरी से घी और पनीर तथा गोरखपुर की ही नरेंद्र डेयरी से खोवा और पनीर के नमूने लिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
रिपोर्ट बताएगी असली गुणवत्ता,
अब इन सभी खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद तस्वीर साफ होगी कि इनमें गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन हुआ है या नहीं। यदि किसी नमूने में मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से मिठाई, डेयरी और नमकीन कारोबारियों में हड़कंप है। खाद्य विभाग ने साफ संकेत दिया है कि जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और मिलावट के खिलाफ जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।



