Latest News

जबलपुर में 5 अलग-अलग इलाकों में मारपीट और चाकूबाजी, कई घायल

5 अलग-अलग इलाकों में मारपीट और चाकूबाजी, कई घायल

 

जबलपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मारपीट, चाकूबाजी और धमकी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते 24 घंटों के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पांच गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

सबसे पहला मामला थाना हनुमानताल क्षेत्र का है, जहां संजय सोनकर (55 वर्ष) निवासी सिंधी कैंप ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। संजय सोनकर सब्जी व्यवसाय से जुड़े हैं और शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे सब्जी मंडी जा रहे थे। जैसे ही वह सिंधी कैंप स्थित कलारी के सामने पहुंचे, वहां पहले से मौजूद सोनू, कालू, राजा और मोनू उर्फ बौरा, जो मीरा मच्छी के बेटे बताए जा रहे हैं, ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने कहा कि “तूने हमारे खिलाफ केस लगवाया है, जिससे हमारे पैसे खर्च हो रहे हैं, हमें 2 हजार रुपए दो।” संजय के मना करने पर चारों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान मोनू उर्फ बौरा ने डंडे से हमला कर संजय सोनकर के पैर में चोट पहुंचाई, जबकि सोनू और कालू ने धक्का देकर गिरा दिया और राजा ने लात-घूंसों से हमला किया।

दूसरा मामला थाना माढ़ोताल क्षेत्र का है। यहां दीपक सोनी (33 वर्ष) निवासी मदर टेरेसा नगर नर्मदा परिसर ने शिकायत दर्ज कराई कि वह घर में जनरल स्टोर चलाते हैं। गुरुवार रात लगभग 11 बजे खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहे थे, तभी अंकुश ठाकुर निवासी बजरंग नगर शराब के नशे में पहुंचा और बिना कारण गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर अंकुश ने किसी नुकीली वस्तु से हमला करने की कोशिश की। दीपक जान बचाकर घर की ओर भागे, लेकिन आरोपी ने पकड़कर हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे दीपक के गले और पेट में चोट आई।

तीसरा मामला फिर हनुमानताल थाना क्षेत्र का है। मोहम्मद दिलशाद (26 वर्ष) निवासी राजीव नगर मोहरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने दोस्तों मोहम्मद कलीम और मोहम्मद शानू के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 12:30 बजे गली नंबर-1 मोहरिया कैफे के सामने गुटखा लेने रुके थे, तभी मोहम्मद हसन अपने दो साथियों के साथ आया और बाइक सामने खड़ी कर दी। बाइक हटाने की बात कहने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि मोहम्मद हसन और उसके साथियों ने मारपीट की और हसन ने चाकू से हमला कर दिलशाद की बाईं भुजा और पैर में चोट पहुंचाई।

चौथा मामला संजीवनी नगर थाना क्षेत्र का है। नितेश सेन (36 वर्ष) निवासी शांतिनगर परसवाड़ा, जो शारदा चौक में हेयर सैलून चलाते हैं, ने शिकायत दर्ज कराई कि दुकान बंद कर भाई मनोज सेन के साथ घर पहुंचे थे। रात करीब 11 बजे मोहल्ले के राजू और उसके भाई ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर राजू ने बेसबॉल डंडे से हमला कर मनोज सेन के कान के ऊपर चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने आए नितेश सेन के सिर और माथे पर भी डंडे से हमला किया गया।

पांचवां मामला पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम रैपुरा का है। बसंत कुमार पटेल (60 वर्ष) अपने बेटे विश्वास कुमार पटेल के साथ खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान कुलदीप केवट और खोखा केवट पहुंचे और जमीन के बदले 10 हजार रुपए मांगने लगे। पैसे देने से मना करने पर कुलदीप ने चाकू से हमला कर बसंत कुमार पटेल की बाईं जांघ में चोट पहुंचाई, जबकि खोखा केवट ने डंडे से हमला कर विश्वास कुमार पटेल के हाथ और पैर में चोट पहुंचाई।

पुलिस ने सभी मामलों में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। लगातार बढ़ रही इन घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button