Latest News

जबलपुर: लाल हवेली होटल के पास सनसनीखेज वारदात: प्रॉपर्टी डीलर पर कार से जानलेवा हमला और चाकूबाजी, माढ़ोताल पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का मामला

माढ़ोताल पुलिस की सुस्ती, शहर के बीचों-बीच प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला, कार नंबर होने के बावजूद अब तक गिरफ्त से बाहर आरोपी!

जबलपुर में माढ़़ोताल में कानून व्यवस्था दम तोड़ती नजर आ रही है। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में बीती रात बदमाशों ने सरेराह गुंडागर्दी का नंगा नाच किया, लेकिन पुलिस केवल कागजी खानापूर्ति में जुटी है। एक प्रॉपर्टी डीलर को कार से कुचलने की कोशिश की गई, उसे चाकुओं से गोद दिया गया, और आरोपी पुलिस की नाक के नीचे से फरार हो गए। सवाल यह है कि जब कार का नंबर और आरोपियों के नाम पुलिस के पास हैं, तो आखिर किसके संरक्षण में ये बदमाश अब तक खुले घूम रहे हैं?
घटना माढ़ोताल थाना क्षेत्र की है, जहाँ बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस का जरा भी खौफ नहीं है। पीड़ित सुरेंद्र पटेल, जो शांताकुंज के निवासी हैं, अपने साथी के साथ घर लौट रहे थे। तभी विशाल सोनी और मोहित नामक बदमाशों ने अपनी कार (MP 20 ZL 9151) से उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से जानबूझकर टक्कर मार दी।
हैरानी की बात यह है कि यह वारदात ‘लाल हवेली होटल’ जैसे व्यस्त इलाके के पास हुई। टक्कर के बाद जब सुरेंद्र संभल पाते, बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। मोहित ने उनका गला दबाया और विशाल सोनी ने चाकू निकालकर उनके सीने और पेट पर जानलेवा वार किए। सुरेंद्र खून से लथपथ तड़पते रहे और आरोपी बड़े आराम से अपनी कार लेकर वहां से चंपत हो गए।
पीड़ित को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। हालांकि पुलिस ने रस्म अदायगी करते हुए BNS की धारा 296A, 109 और 3(5) के तहत मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन धरातल पर कार्रवाई शून्य नजर आ रही है।
शहर के बीचों-बीच इस तरह की चाकूबाजी की वारदातें यह बताने के लिए काफी हैं कि अपराधियों के मन से पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है। यदि समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो यह माना जाएगा कि माढ़ोताल पुलिस अपराधियों को पकड़ने में नहीं, बल्कि उन्हें बचाने में दिलचस्पी ले रही है।

Related Articles

Back to top button