Latest News

दिनदहाडे खून से लाल हुई सड़क: रोहन पटेल, यशपाल और नाबालिग गिरफ्तार, 5000 रुपये के विवाद में गई युवक की जान

दिनदहाडे खून से लाल हुई सड़क: रोहन पटेल, यशपाल और नाबालिग गिरफ्तार, 5000 रुपये के विवाद में गई युवक की जान

जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में हुई दिनदहाड़े हत्या की वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया है। एक मामूली 5000 रुपये की उधारी ने ऐसा खूनी रूप लिया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। सड़क पर कुछ मिनटों तक चले इस खूनी संघर्ष ने न सिर्फ एक परिवार से उसका बेटा छीन लिया, बल्कि इलाके में दहशत का माहौल भी बना दिया।

मृतक युवक की पहचान आयुष उर्फ निक्की साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आयुष और आरोपी रोहन पटेल के बीच 5000 रुपये के लेन-देन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। कई दिनों से दोनों के बीच इस रकम को लेकर तनाव बना हुआ था।

12 मई की दोपहर आयुष अपने पैसे वापस लेने के इरादे से आरोपी रोहन पटेल के पास पहुंचा। शुरुआत में मामला सामान्य बातचीत से शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। आसपास मौजूद लोग पहले इसे सामान्य बहस समझते रहे, लेकिन देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रोहन पटेल ने अपने साथी यशपाल और एक नाबालिग को मौके पर बुलाया। तीनों ने मिलकर आयुष को बीच सड़क पर घेर लिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद लोग घबरा गए। कुछ लोग दूर हट गए तो कुछ सिर्फ तमाशबीन बने रहे।

इसी दौरान रोहन पटेल ने चाकू निकालकर आयुष पर हमला कर दिया। आरोपियों ने मिलकर आयुष को बुरी तरह पीटा और फिर उसकी जांघ पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। चाकू लगते ही आयुष लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी हालत तेजी से बिगड़ती चली गई|

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल आयुष को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की। हालांकि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आयुष की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक सब सामान्य था, वहां अचानक मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में घटना को लेकर आक्रोश है।

घटना की सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना बी,डी, द्विवेदी अपनी पुलिस टीम के साथ सक्रिय हुए और तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी रोहन पटेल, उसका साथी यशपाल सिरपाल और वारदात में शामिल एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। साथ ही घटना के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से फेंकी गई खून से सनी शर्ट भी जब्त की गई है। शुरुआत में पुलिस ने मामला हत्या के प्रयास की धाराओं में दर्ज किया था, लेकिन आयुष की मौत के बाद केस को हत्या की धारा बीएनएस में बदल दिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

यह घटना समाज के सामने एक कड़वी सच्चाई भी छोड़ गई है—जहां मामूली रकम, गुस्सा और अहंकार मिलकर किसी की जिंदगी खत्म कर देते हैं। 5000 रुपये का हिसाब शायद फिर हो सकता था, लेकिन आयुष उर्फ निक्की साहू अब कभी अपने परिवार के बीच नहीं लौटेगा।

Related Articles

Back to top button