HealthJabalpurLatest NewsMPTrending News

जबलपुर # कलमवीर संघर्ष संगठन के पदाधिकारियों ने एल्गिन अस्पताल पहुंचकर नवजात बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक

जिले में 3.89 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य, पहले दिन 77% बच्चों का हुआ टीकाकरण, 2468 बूथ पर 4936 कर्मी तैनात

सेटन्यूज़, जबलपुर। रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2026 का शुभारंभ पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ किया गया। रानी दुर्गावती चिकित्सालय (एल्गिन अस्पताल) में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ सामाजिक संगठनों, पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

इस अभियान की विशेष बात यह रही कि सामाजिक दायित्व निभाते हुए कलमवीर संघर्ष संगठन के पदाधिकारियों ने भी एल्गिन अस्पताल पहुंचकर नन्हे बच्चों को “दो बूंद जिंदगी की” पिलाई और अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक किया। संगठन के इस प्रयास की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

कार्यक्रम में पीपुल्स समाचार के संपादक मयंक तिवारी, आईएनएच न्यूज़ के प्रमुख संजय साहू, हरिभूमि के वरिष्ठ पत्रकार शुभम शुक्ला, प्रसार भारती की सुरभि तिवारी, इंडिया टीवी के देवजीत, कलमवीर संघर्ष संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता सत्यजीत यादव, जिला अध्यक्ष सृजन शुक्ला, प्रदेश सचिव सुधीर खरे तथा प्रदेश प्रवक्ता हर्षित चौरसिया विशेष रूप से मौजूद रहे और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से एल्गिन अस्पताल की अधीक्षिका डॉ. नीता पाराशर, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील, आरआई मैनेजर विजय पांडे, अर्चना शिवहरे, विकास श्रीवास्तव, अंजली दीवान, शारदा बुंदेला सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई।

जिले में इस बार 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 3 लाख 89 हजार 226 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिलेभर में 2,468 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां 4,936 टीकाकरण कर्मी एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक परिवार की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

वहीं, अभियान की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, संभाग जबलपुर डॉ. भरत कुमार खटीक ने सीएचसी बरगी पहुंचकर निरीक्षण किया और बच्चों को पोलियो की खुराक भी पिलाई। इस अवसर पर सीबीएमओ डॉ. रश्मि भटनागर, संभागीय कार्यक्रम समन्वयक निहार दीवान तथा यूएनडीपी के अतुल करकरे भी मौजूद रहे।

इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने शहर के कांचघर, घमापुर और वल्दी कोरी की दफाई स्थित पोलियो बूथों का निरीक्षण किया। उनके साथ डॉ. विनोद गुप्ता एवं अजय कुरील भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने टीकाकरण व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 28 जून को बूथों पर पोलियो की दवा पिलाने के बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।

दो बूंद जिंदगी की – हर बच्चे को, हर बार… पोलियो पर जीत रहे बरकरार।”

Related Articles

Back to top button