महिलाओं को निशाना बनाने वाली लूटेरी गैंग का अंत, टीआई विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में अधारताल पुलिस की बड़ी कामयाबी”
विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में अधारताल पुलिस की बड़ी सफलता, लूटेरी गैंग का किया पर्दाफाश

जबलपुर। अधारताल थाना पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया माल भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राह चलती महिलाओं को अकेला देखकर उनके कान के बाले और अन्य आभूषण लूटकर फरार हो जाते थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई निगरानी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
पूछताछ के दौरान आरोपियों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिल रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि उनसे जिले में हुई अन्य लूट की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। मामले की जांच अभी जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के कुशल नेतृत्व, पुलिस टीम की सतर्कता और समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समयबद्ध कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करना और लूटा हुआ माल बरामद करना अधारताल पुलिस की सक्रिय कार्यशैली का उदाहरण माना जा रहा है।
अधारताल पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल पीड़ितों को राहत मिली है, बल्कि अपराधियों के बीच भी कड़ा संदेश गया है कि कानून से बच पाना संभव नहीं है। पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा और क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।



