Crime ReportsCrime ReportsIndiaInterview NewsJabalpurLatest NewsMP

फिल्मी अंदाज में गैंगवार की साजिश नाकाम! गढ़ा थाना पुलिस की फुर्ती से बचीं तीन जानें, 5 आरोपी गिरफ्तार, कई फरार

फिल्मी अंदाज में गैंगवार की साजिश नाकाम! गढ़ा थाना पुलिस की फुर्ती से बचीं तीन जानें, 5 आरोपी गिरफ्तार, कई फरार

सुनील सेन| SET NEWS जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र में सामने आई वारदात किसी क्राइम थ्रिलर फिल्म की कहानी जैसी प्रतीत होती है। पुरानी रंजिश ने ऐसा खतरनाक मोड़ लिया कि करीब 15 से 16 युवकों के समूह ने कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से तीन युवकों को निशाना बनाया। दो कारों में सवार होकर पहुंचे आरोपियों ने पहले मारपीट की, फिर कथित रूप से तीनों युवकों का अपहरण कर उन्हें शहर के अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर बेरहमी से पीटा। लेकिन इससे पहले कि यह वारदात और भयावह रूप लेती, गढ़ा थाना पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर पूरी साजिश को नाकाम कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात भारत कॉलोनी स्थित रोहित मोबाइल शॉप के पास विनम बर्मन अपने साथी अंकित ठाकुर के साथ मौजूद था। शिकायत के अनुसार पुरानी रंजिश के चलते यश साहू, अभिषेक बर्मन, राज टेकाम, हर्ष तिवारी, जिशान, रवि साहू, राज रजक और विशाल सहित अन्य लोग दो कारों में मौके पर पहुंचे। आरोप है कि पहले विक्की ठाकुर के साथ मारपीट की गई और फिर फोन कर अंकित ठाकुर को मौके पर बुलाया गया। उसके पहुंचते ही कथित रूप से उसके साथ भी मारपीट की गई और तीनों युवकों को जबरन कार में बैठाकर ले जाया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने विनम बर्मन, अंकित ठाकुर और विक्की ठाकुर को शहर में घुमाते हुए सुनसान स्थान पर ले जाकर बेल्ट, लात-घूंसों और मुक्कों से बेरहमी से पीटा। शिकायत में आरोप है कि पूरी घटना जान से मारने की नीयत से अंजाम दी जा रही थी।

गढ़ा थाना पुलिस की बहादुरी से टली बड़ी वारदात,
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रसन्न शर्मा के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर संजय गुर्जर, अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल सक्रिय हुए। पुलिस टीम ने तेजी से घेराबंदी करते हुए मौके पर पहुंचकर कथित रूप से तीनों युवकों को गंभीर खतरे से बाहर निकाला। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ी अनहोनी टल गई। यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो शिकायत के अनुसार तीनों युवकों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।

कार्रवाई के दौरान गढ़ा थाना पुलिस ने यश साहू, अभिषेक बर्मन, राज टेकाम, हर्ष तिवारी सहित एक नाबालिग आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना में इस्तेमाल की गई दो कारों को भी जब्त कर लिया गया।

इन आरोपियों की तलाश जारी,
पुलिस ने बताया कि रवि साहू, राज रजक, विशाल सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पूरे घटनाक्रम में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने क्या कहा,
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रसन्न शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। शहर में गैंग बनाकर हिंसा फैलाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button