प्रेमसागर चौकी पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी वारदात, सुअरमार बम के साथ आरोपी मोनू रजक गिरफ्तार
प्रेमसागर चौकी पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी वारदात, सुअरमार बम के साथ आरोपी मोनू रजक गिरफ्तार

सुनील सेन। SET NEWS जबलपुर। अपराध पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत हनुमानताल थाना पुलिस और प्रेमसागर चौकी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संभावित गंभीर वारदात को समय रहते टाल दिया। विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर मोनू रजक को सुअरमार बम के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में एक संभावित बड़ी घटना होने से पहले ही उसे विफल कर दिया गया।
हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 3 अगस्त की रात सूचना मिली थी कि प्रेमसागर निवासी मोनू रजक फूटाताल मैदान के पास किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से संदिग्ध अवस्था में खड़ा है और उसके पास एक सुअरमार बम है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम को रवाना किया गया।
प्रेमसागर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक योगेन्द्र सिंह ने अपनी टीम के साथ बिना समय गंवाए मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही मोनू रजक भागने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसकी लोवर की जेब से एक सुअरमार बम बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने सुरक्षित जब्त कर लिया।
हनुमानताल थाना पुलिस ने आरोपी मोनू रजक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 5 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी इस विस्फोटक का इस्तेमाल किस उद्देश्य से करने वाला था तथा उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं था।
इस पूरी कार्रवाई में हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल के कुशल नेतृत्व तथा प्रेमसागर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक योगेन्द्र सिंह की तत्परता निर्णायक साबित हुई। उनके साथ आरक्षक महेन्द्र पाल और आरक्षक आदिल रजा ने भी साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए कार्रवाई को सफल बनाया।
इस कार्रवाई के बाद हनुमानताल थाना पुलिस और प्रेमसागर चौकी पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और किसी भी प्रकार की आपराधिक वारदात की तैयारी करने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती और मुस्तैदी के साथ कार्रवाई करती रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



