Latest News
बड़ी लापरवाही: जबलपुर की पिसनहारी मढ़िया जैन धर्मशाला में सुरक्षा तार-तार, कैंपस के अंदर चाकू की नोक पर महिला से दरिंदगी की कोशिश!
गंभीर सवाल: मोटी रकम और चंदा वसूलने वाला मढ़िया प्रबंधन मौन, सुलभ शौचालय में हथियारबंद बदमाश के घुसने से मंचा हड़कंप!

संस्कारधानी जबलपुर की प्रसिद्ध पिसनहारी मढ़िया जैन धर्मशाला इस वक्त एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज वारदात को लेकर कटघरे में है। यहाँ जयपुर से आए एक श्रद्धालु परिवार की महिला के साथ धर्मशाला कैंपस के अंदर बने सुलभ शौचालय में चाकू की नोक पर छेड़छाड़ और लूटपाट की कोशिश की गई। इस खौफनाक घटना ने पिसनहारी मढ़िया जैन धर्मशाला प्रबंधन के सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ा कर रख दी हैं। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले इस वीआईपी परिसर के भीतर आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हुई? आखिर सुरक्षा के नाम पर सिर्फ पल्ला झाड़ने वाला प्रबंधन मौन क्यों है?

पवित्रता और शांति का केंद्र मानी जाने वाली पिसनहारी मढ़िया जैन धर्मशाला अब अपराधियों के लिए आसान निशाना बनती जा रही है। राजस्थान के जयपुर से एक परिवार बड़ी श्रद्धा के साथ यहाँ दर्शन करने और रुकने आया था। लेकिन धर्मशाला प्रबंधन की नाकामी के कारण उनकी आस्था खौफ में बदल गई। कैंपस के सुलभ शौचालय जैसी संवेदनशील जगह पर एक अज्ञात बदमाश खुलेआम चाकू लेकर घुस जाता है और महिला के गले पर हथियार अड़ाकर वारदात को अंजाम देता है। सवाल यह है कि एक प्रतिष्ठित धार्मिक परिसर के भीतर कोई भी बाहरी असामाजिक तत्व घातक हथियार लेकर कैसे घूम रहा था?

हैरानी की बात यह है कि घटना के समय धर्मशाला कैंपस में कोई भी मुस्तैद गार्ड या सुरक्षाकर्मी नजर नहीं आया। महिला की बहादुरी और चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग दौड़े, तब जाकर आरोपी वहाँ से भागा। धर्मशाला प्रबंधन यात्रियों से ठहरने के नाम पर मोटी रकम वसूलता है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि यहाँ आने वाले श्रद्धालु पूरी तरह भगवान भरोसे हैं। सुलभ शौचालय जैसे एकांत स्थानों के आसपास किसी भी सुरक्षा इंतजाम का न होना प्रबंधन की घोर लापरवाही को साफ बयां करता है।
राहत की बात सिर्फ इतनी रही कि भागता हुआ आरोपी परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया। लेकिन सवाल वही है कि सीसीटीवी कैमरे सिर्फ घटना होने के बाद सबूत देखने के लिए होते हैं, वारदात को रोकने के लिए नहीं। अगर महिला हिम्मत न दिखाती और कोई बड़ी अनहोनी हो जाती, तो क्या धर्मशाला प्रबंधन इसकी जिम्मेदारी लेता? इस घोर लापरवाही को लेकर अब स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों में प्रबंधन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची गढ़ा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। लेकिन इस वारदात ने धर्मशाला की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर ऐसे तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब प्रबंधन के पास नहीं है। क्या पुलिस अब अपराधियों के साथ-साथ सुरक्षा में इतनी बड़ी लापरवाही बरतने वाले धर्मशाला प्रशासन पर भी कोई सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी?

बाहर से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के साथ ऐसी वारदातें पूरे शहर की छवि को धूमिल करती हैं। पिसनहारी मढ़िया जैन धर्मशाला प्रबंधन की इस लापरवाही ने यात्रियों के मन में डर पैदा कर दिया है। अब देखना होगा कि इस घटना के बाद भी प्रबंधन की नींद टूटती है या श्रद्धालु यूं ही खतरों के बीच रहने को मजबूर रहेंगे।



