Latest News

रसोई में बहा प्यार का खून: लिव-इन पार्टनर बना हैवान, गला रेतकर बेलन से किया जानलेवा हमला

लिव-इन रिलेशन का खौफनाक अंत: गला रेतने के बाद बेलन से किया हमला रसोई में चीखती रही युवती, सनकी प्रेमी करता रहा वार

जबलपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां प्यार और भरोसे का रिश्ता खूनी संघर्ष में बदल गया। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय गौरी दुबे पर उसके लिव-इन पार्टनर नीतेश पाटकर ने रसोई में खाना बनाते समय जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पहले चाकू से गले पर वार किया और फिर बेलन से सिर कुचलने की कोशिश की। गंभीर हालत में घायल युवती किसी तरह जान बचाकर थाने पहुंची और पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई।
बताया जा रहा है कि गौरी दुबे का पति करीब दो साल पहले उसे छोड़कर चला गया था। अकेलेपन और मुश्किल हालात के बीच आईटीआई करमेता निवासी नीतेश पाटकर उसकी जिंदगी में आया। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे पिछले दो वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे। शुरुआत में सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन समय के साथ रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा। आए दिन विवाद और झगड़े होने लगे। गौरी इस रिश्ते से परेशान हो चुकी थी और उसने नीतेश से अलग होने का फैसला कर लिया था।
यही फैसला आरोपी को नागवार गुजरा। पुलिस के मुताबिक नीतेश के सिर पर सनक इस कदर सवार हो गई कि उसने गौरी को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। 24 मई की सुबह करीब 10 बजे गौरी घर की रसोई में खाना बना रही थी। उसी दौरान आरोपी दबे पांव पीछे से पहुंचा और हाथ में छिपाए चाकू से सीधे उसके गले पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से गौरी चीख उठी, लेकिन आरोपी ने उसकी आवाज दबाने के लिए मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।
इसके बाद भी जब गौरी तड़पती रही तो आरोपी ने पास रखा बेलन उठाकर उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से युवती खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। लेकिन हिम्मत दिखाते हुए उसने आरोपी को धक्का दिया और किसी तरह घर से बाहर भाग निकली। सड़क पर घायल हालत में महिला को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। वहीं पकड़े जाने के डर से आरोपी मौके से फरार हो गया।
खून से लथपथ हालत में गौरी सीधे माढ़ोताल थाने पहुंची और पूरी घटना पुलिस को बताई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज करते हुए आरोपी नीतेश पाटकर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए) और 109(1) के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button