Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

शराब दुकान, कथित दलालों और बस स्टैंड की बदहाली पर कांग्रेस का हल्ला बोल, नगर निगम और पुलिस प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

शराब दुकान, कथित दलालों और बस स्टैंड की बदहाली पर कांग्रेस का हल्ला बोल, नगर निगम और पुलिस प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

जबलपुर। गढ़ा क्षेत्र में शराब दुकान के बाहर फैली अव्यवस्थाओं, कथित दलालों की सक्रियता और मेट्रो बस स्टैंड पर अतिक्रमण के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। नगर कांग्रेस सचिव श्रेष्ठ ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल गढ़ा थाना और नगर निगम पहुंचा, जहां पुलिस एवं निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शराब दुकान के आसपास रोजाना असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। खुलेआम शराब पीने, गाली-गलौज और विवाद जैसी घटनाओं से स्थानीय रहवासी, महिलाएं, छात्र-छात्राएं और राहगीर परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो सकती है।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि शराब दुकान के पास स्थित मेट्रो बस स्टैंड से अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए। कांग्रेस का कहना है कि अतिक्रमण के कारण यात्रियों को सड़क पर खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। साथ ही कथित दलालों और अवैध गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई।

नगर कांग्रेस सचिव श्रेष्ठ ठाकुर ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस और नगर निगम प्रशासन से संयुक्त कार्रवाई कर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने, शराब दुकान के आसपास नियमित निगरानी बढ़ाने और असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की।

इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस परिवार के गुड्डू तामसेतवार, लखन प्रजापति, नितिन सिंह, सचिन बाजपेई, ऋषभ मिश्रा, सलिल चौकसे, श्रेष्ठ ठाकुर, रोशन आनंद, मिस्टर जैन, प्रतीक चौकसे, दुर्गेश पाठक, दिनेश चौबे, आशू अली, विक्रम ठाकुर, मिथुन, नरेंद्र गुप्ता, सूर्य जैन, अमन गुप्ता, नितिन पाठक, रत्नेश अवस्थी, नीरज शुक्ला, राजेश सेन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शराब दुकान के आसपास की अव्यवस्थाओं, बस स्टैंड पर अतिक्रमण और कथित अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस आम जनता के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Related Articles

Back to top button