हुलिया बदलकर भाग रहा था कातिल, लेकिन बच नहीं सका! बरगी थाना पुलिस ने घनश्याम केवट को दबोचा, सड़कों पर निकाला जुलूस
हुलिया बदलकर भाग रहा था कातिल, लेकिन बच नहीं सका! बरगी थाना पुलिस ने घनश्याम केवट को दबोचा, सड़कों पर निकाला जुलूस

जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम सालीवाड़ा में हुए चर्चित नमामि यादव हत्याकांड का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी घनश्याम केवट को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए उसने अपना हुलिया तक बदल लिया और लगातार ठिकाने बदलता रहा, लेकिन बरगी थाना पुलिस की सघन तलाश और रणनीतिक कार्रवाई के आगे उसकी सारी चालें नाकाम हो गईं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का सरेआम जुलूस निकालकर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया।
जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय नमामि यादव की चौराहे पर बैठने को लेकर हुए विवाद के बाद चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। घटना के तुरंत बाद थाना प्रभारी निलेश दोहरे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी घनश्याम केवट अपना हुलिया बदलकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। इसके बावजूद पुलिस ने लगातार दबिश दी और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर तिलवारा घाट के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद बरगी थाना पुलिस ने आरोपी घनश्याम केवट का सार्वजनिक जुलूस निकाला। पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपी को क्षेत्र में पैदल ले जाया गया, जिससे लोगों में यह संदेश गया कि हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस किसी भी स्तर पर सख्त कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी।
इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी निलेश दोहरे की अहम भूमिका रही। उनके नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार, सब इंस्पेक्टर अश्वंत सिंह, सब इंस्पेक्टर कैलाशपुरी डेहरिया, एएसआई सोमनाथ अहिरवार, प्रधान आरक्षक उदय प्रताप, प्रभु दयाल डेहरिया, आरक्षक बिपुल सिंह, आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक राजेश कुमार, आरक्षक उमाशंकर डेहरिया, आरक्षक वीरेन्द्र धुर्वे, आरक्षक दारा सिंह और आरक्षक मिथलेश जायसवाल, आरक्षक विजय पटेल , आरक्षक राज नागवंशी, चंद्रशेखर ने लगातार मेहनत कर आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं हत्या के पीछे के सभी पहलुओं की भी गहन जांच जारी है।
बरगी थाना पुलिस की इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि जबलपुर पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी मजबूती से खड़ी है। हुलिया बदलकर फरार होने वाला घनश्याम केवट भी कानून की गिरफ्त से नहीं बच सका। आरोपी का सरेआम निकाला गया जुलूस अपराध की राह पर चलने वालों के लिए सख्त चेतावनी माना जा रहा है कि कानून से भागने की हर कोशिश आखिरकार नाकाम ही होती है।



