Latest News

जबलपुर: होटल रिलैक्स इन के कमरे में बिछी मौत की पटकथा”: दुर्गा वाल्मीकि की रहस्यमयी मौत ने खोले खौफनाक राज, खून से सना कमरा देख कांप उठे लोग

होटल रिलैक्स इन के कमरे में बिछी मौत की पटकथा”: दुर्गा वाल्मीकि की रहस्यमयी मौत ने खोले खौफनाक राज, खून से सना कमरा देख कांप उठे लोग

जबलपुर के धनवंतरी नगर स्थित होटल रिलैक्स इन में जो हुआ, उसने सिर्फ एक परिवार नहीं बल्कि पूरे शहर को हिला कर रख दिया। एक महिला घर से अपनी मां से मिलने निकली थी… हाथ में पेंशन के 10 हजार रुपये थे… मोबाइल फोन था… और शायद उसे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बनने वाला है।
8 मई की सुबह होटल के एक कमरे से बदबू और सन्नाटा दोनों बाहर आ रहे थे। जब दरवाजा खोला गया तो अंदर का मंजर देखकर लोगों की रूह कांप उठी। कमरे में बिस्तर खून से सना पड़ा था और उसी पर पड़ी थी 35 वर्षीय दुर्गा वाल्मीक की लाश। कमरे की दीवारें जैसे चीख-चीखकर उस रात की कहानी बता रही थीं।
पहले महिला की पहचान नहीं हो पाई, लेकिन 24 घंटे के भीतर सच सामने आया। मृतका भेड़ाघाट निवासी दुर्गा वाल्मीकि थी। इसके बाद शुरू हुई मौत के पीछे छिपे राज की तलाश।
मौत से पहले किससे मिलने गई थी दुर्गा?

मृतका की बहन सोनम कोष्टा ने पुलिस को बताया कि दुर्गा 6 मई को अपनी मां से मिलने आई थी। उसके पास 10 हजार रुपये थे। लेकिन जब शव मिला तो पैसे और मोबाइल दोनों गायब थे। यही नहीं, परिवार का आरोप है कि दुर्गा को एक सोची-समझी साजिश के तहत होटल बुलाया गया था।

परिजनों ने भेड़ाघाट निवासी होटल कर्मचारी ‘जम्मन’ पर सीधे हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जम्मन ने ही दुर्गा को मिलने बुलाया था। इतना ही नहीं, परिवार ने यह भी दावा किया कि जम्मन की पत्नी पहले भी दुर्गा को जान से मारने की धमकी दे चुकी थी।
होटल की लापरवाही ने बना दिया मौत का रास्ता?
पूरे मामले में होटल रिलैक्स इन की भूमिका सबसे ज्यादा सवालों में है। पुलिस जांच में पता चला कि होटल ने सिर्फ एक आईडी पर दो लोगों को कमरा दे दिया था। नियमों के मुताबिक होटल में रुकने वाले हर व्यक्ति की पहचान दर्ज करना जरूरी होता है, लेकिन यहां सबकुछ नजर अंदाज कर दिया गया। यही वजह है कि वारदात के बाद संदिग्ध आसानी से फरार हो गया और अब पुलिस उसके पीछे भटक रही है।
CCTV में कैद है मौत की रात का सच?
संजीवनी नगर पुलिस अब होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों में उस रात का सबसे बड़ा राज कैद हो सकता है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
एक होटल का बंद कमरा… खून से सना बिस्तर… गायब मोबाइल और पैसे… और मौत के बाद फरार संदिग्ध… दुर्गा वाल्मीक की मौत अब सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि ऐसा रहस्य बन चुकी है जिसने जबलपुर को दहशत और सवालों के बीच खड़ा कर दिया है।

Related Articles

Back to top button