Latest News

101वीं पासिंग आउट परेड में दिखा खाकी का दम: 221 नव आरक्षकों ने भरी हुंकार, एडीजी ने ली सलामी

101वीं पासिंग आउट परेड में दिखा खाकी का दम: 221 नव आरक्षकों ने भरी हुंकार, एडीजी ने ली सलामी

जबलपुर: पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस), 6वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, जबलपुर में आज 101वीं दीक्षांत (पासिंग आउट) परेड का भव्य एवं गरिमामय आयोजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल की 21 बटालियनों से आए कुल 221 नव प्रशिक्षित आरक्षकों ने प्रशिक्षण पूर्ण कर अनुशासन, समन्वय और दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जोन जबलपुर प्रमोद वर्मा ने परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। नव आरक्षकों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च-पास्ट ने सभी उपस्थित अतिथियों और परिजनों को प्रभावित किया।

दीक्षांत परेड के दौरान 6वीं वाहिनी के कमाण्डेंट सिद्धार्थ चौधरी ने नव आरक्षकों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि प्रमोद वर्मा एवं उप पुलिस महानिरीक्षक अतुल सिंह ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर सभी आरक्षकों को शुभकामनाएँ दीं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में एडीजी प्रमोद वर्मा ने कहा कि यह प्रशिक्षण संस्था पुलिस विभाग को कुशल एवं दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि इस संस्थान से अब तक 100 बैच सफलतापूर्वक पास आउट हो चुके हैं और आज 101वाँ बैच प्रशिक्षण पूर्ण कर सेवा के लिए तैयार है। उन्होंने नव आरक्षकों से अपने प्रशिक्षण का उपयोग जनसेवा, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस की सकारात्मक छवि निर्माण में करने का आह्वान किया।

वहीं कमाण्डेंट सिद्धार्थ चौधरी ने 6वीं वाहिनी के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था की स्थापना वर्ष 1942 में हुई थी और अब तक 100 बैचों को सफल प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2005 में झारखंड पुलिस के 250 नव आरक्षकों को भी इसी संस्थान में प्रशिक्षण प्रदान किया गया था।

प्रशिक्षण के दौरान आरक्षकों को पीटी, ड्रिल, योग, आधुनिक हथियार संचालन, फायरिंग, कानून, पुलिस प्रक्रिया एवं समाज से जुड़े विषयों का व्यापक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही फील्ड ट्रेनिंग, ड्राइविंग, वायरलेस संचार, कंप्यूटर संचालन एवं अन्य व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण भी शामिल रहा।

कार्यक्रम में पीटीएस के डिप्टी कमाण्डेंट आशुतोष मिश्रा, लामू सिंह श्याम, पी.एल. परतेती, मोनिका तिवारी, असिस्टेंट कमाण्डेंट एम.पी. सिंह, विजय कुमार अंभोरे, मोहंती मरावी, रीना पाण्डे शर्मा, सीडीआई स्वरूप सिंह उइके सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में नव आरक्षकों के परिजन भी मौजूद रहे और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह दीक्षांत परेड पुलिस बल में अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना के नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक बनी।

Related Articles

Back to top button