44 डिग्री की गर्मी में NCC कैंप बना बीमारियों का केंद्र! जबलपुर में 50 से ज्यादा कैडेट्स अस्पताल पहुंचाए गए
44 डिग्री की गर्मी में NCC कैंप बना बीमारियों का केंद्र! जबलपुर में 50 से ज्यादा कैडेट्स अस्पताल पहुंचाए गए

जबलपुर में भीषण गर्मी के बीच आयोजित एनसीसी प्रशिक्षण शिविर अब सवालों के घेरे में आ गया है। डुमना रोड स्थित ट्रिपल आईटीडीएम परिसर में चल रहे संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सीएटीसी-98 में 50 से ज्यादा कैडेट्स अचानक बीमार पड़ गए। इनमें 20 से अधिक छात्राएं और एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 7 बच्चों को आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक एमपी आर्ड स्ववाडून एनसीसी द्वारा 14 मई से 10 दिवसीय शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, तेंदूखेड़ा, कटंगी और नुनसर सहित कई क्षेत्रों से करीब 450 कैडेट्स शामिल हुए हैं। लेकिन जिले में लगातार 44 डिग्री तापमान और लू जैसे हालात के बावजूद प्रशिक्षण गतिविधियां जारी रखी गईं। इसी बीच गुरुवार रात करीब 8 बजे भोजन करने के बाद बड़ी संख्या में कैडेट्स की तबीयत बिगड़ने लगी।
कई बच्चों को अचानक चक्कर, उल्टी, दस्त और कमजोरी की शिकायत हुई। स्थिति बिगड़ती देख कैंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सभी प्रभावित बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कैडेट्स ने बताया कि रात के भोजन में पनीर की सब्जी दी गई थी, जिसके बाद कई बच्चों की हालत खराब हो गई!
घटना के बाद परिजनों और लोगों ने कैंप प्रबंधन पर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि भीषण गर्मी और लू के बावजूद बच्चों से लगातार प्रशिक्षण कराया गया, जिससे उनकी तबीयत प्रभावित हुई। वहीं दूसरी ओर भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं
हालांकि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग फिलहाल लू और अत्यधिक गर्मी को बच्चों के बीमार होने की मुख्य वजह मान रहा है। सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि सभी कैडेट्स को जरूरी चिकित्सा सुविधा दी जा रही है और अधिकांश बच्चों की हालत अब सामान्य है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संभाग कमिश्नर ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। अब जांच में यह साफ होगा कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने के पीछे लू जिम्मेदार थी या फिर कैंप में परोसा गया भोजन। फिलहाल अस्पताल में भर्ती बच्चों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।



