Maihar

मैहर # NH-30 पर भीषण सड़क हादसा, खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में ट्रेलर की टक्कर, 15 घायल, दो की हालत गंभीर

अमरपाटन, ग्राम रिगरा ब्रिज के पास सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर

सेटन्यूज़, (रामकुमार रजक) मैहर। नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रिगरा ब्रिज के पास सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रॉली में सवार करीब 15 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

डीजल खत्म होने से रुकी थी ट्रॉली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग एक पारिवारिक कार्यक्रम ‘बरहों’ में शामिल होकर अपने गांव बेलदरा लौट रहे थे। सुबह लगभग 5 बजे रिगरा ब्रिज के पास अचानक ट्रैक्टर का डीजल खत्म हो गया, जिससे चालक ने वाहन को हाईवे किनारे खड़ा कर दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने खड़ी ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और 108 व 1033 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल मैहर और अमरपाटन के सिविल अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घायलों में संखिबाई साकेत (50), अजय बुंकर (17), प्रदीप साकेत (24) और संतोष साकेत (50) प्रमुख हैं। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

एंबुलेंस देरी पर परिजनों का हंगामा
अमरपाटन सिविल अस्पताल में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब परिजनों ने एंबुलेंस की देरी को लेकर नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि गंभीर मरीजों को रेफर करने के बावजूद समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। इसको लेकर अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई और मरीजों को सतना भेजा गया।

आरोपी चालक हिरासत में
नादन देहात थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रेलर को क्रेन की मदद से हटाकर जब्त कर लिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यातायात सामान्य कर दिया गया है।

लापरवाही बनी हादसे की वजह
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हाईवे पर खड़े वाहन में इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर का उपयोग नहीं किया गया था, वहीं पीछे से आ रहा ट्रेलर भी तेज गति में था। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसी लापरवाही अक्सर बड़े हादसों का कारण बनती है।

Related Articles

Back to top button