मैहर # खतरे में जिंदगियां! मैहर में ढहा नहर पर बना पुल, एक्शन में आईं कलेक्टर विदिशा मुखर्जी
अधिकारियों पर गिरेगी गाज: जांच कमेटी गठित, बुढेरूआ-जरियारी मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद

मैहर (रामकुमार रजक)। तहसील के बुढेरूआ-जरियारी / नादन-जरियारी मार्ग स्थित नहर पर बना विलेज रोड ब्रिज (VRB) अचानक धंस (settle) गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार दोपहर मैहर कलेक्टर विदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त पुल का जायजा लिया।
कलेक्टर की सख्त चेतावनी: ‘दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा’ निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विदिशा मुखर्जी ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि पुल के धंसने के कारणों का पता लगाने के लिए एक तकनीकी जांच कमेटी (Technical Committee) का गठन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कमेटी की रिपोर्ट आते ही लापरवाही बरतने वाले संबंधित विभागीय अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: रास्ता सील, डायवर्जन लागू
हादसे और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाए हैं।
रास्ता पूरी तरह बंद: क्षतिग्रस्त पुल के दोनों ओर तुरंत मजबूत बैरिकेडिंग कराकर आवागमन को पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था: नागरिकों की सुविधा के लिए संलग्न (अडजॉइनिंग) डायवर्जन रोड को सुचारू एवं व्यवस्थित किया जा रहा है।
सतत निगरानी: राजस्व अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को मौके पर मुस्तैद रहकर लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनता और सरपंचों से अपील
कलेक्टर विदिशा मुखर्जी ने स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और ग्राम सरपंचों से अपील करते हुए कहा,यह पुल फिलहाल बेहद खतरनाक स्थिति में है। किसी भी बड़े हादसे या जनहानि से बचने के लिए एहतियात के तौर पर इस मार्ग का उपयोग बिल्कुल न करें और केवल परिवर्तित (डायवर्टेड) रास्ते का ही इस्तेमाल करें।
मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने आमजन से सहयोग की अपेक्षा की है ताकि सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखा जा सके।



