Maihar

मैहर # आस्था के साथ नई शुरुआत: नवागत कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने मां शारदा के दर्शन कर संभाला मैहर का कार्यभार

सेटन्यूज़, (रामकुमार रजक) मैहर। जिले की नवागत कलेक्टर विदिशा मुखर्जी ने शनिवार को अपने कार्यकाल की शुरुआत आस्था और जनसेवा के संकल्प के साथ की। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने त्रिकूट पर्वत पर स्थित प्रसिद्ध मां शारदा मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जिले की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

मां शारदा के दरबार में टेका माथा
सुबह मैहर पहुंचते ही कलेक्टर मुखर्जी सीधे मां शारदा मंदिर पहुंचीं। यहां प्रधान पुजारी पवन पांडे के सानिध्य में उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न की। इस दौरान उन्होंने जिले में शांति, विकास और खुशहाली के लिए मां शारदा से आशीर्वाद मांगा। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को लेकर प्रबंधन समिति से विस्तृत जानकारी भी ली।

प्रशासनिक अधिकारियों ने किया स्वागत
मैहर आगमन पर प्रशासनिक अमले और गणमान्य नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेंद्र पटेल सहित मां शारदा प्रबंधन समिति के सदस्य सचिन मिश्रा और आलोक अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान अधिकारियों ने जिले की वर्तमान प्रशासनिक स्थिति से भी उन्हें अवगत कराया।

पदभार ग्रहण के साथ ही एक्शन मोड
धार्मिक अनुष्ठान के बाद दोपहर करीब 3 बजे कलेक्टर मुखर्जी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने जिले के प्रमुख अधिकारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक ली, जिसमें उन्होंने साफ संकेत दिए कि प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में दिए सख्त निर्देश
बैठक के दौरान कलेक्टर ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जोर दिया
फाइलों के निपटारे में तेजी: लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन: अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर।

जनसुनवाई को प्राथमिकता: आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को संवेदनशील बनने की हिदायत।

कानून-व्यवस्था पर फोकस: जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के निर्देश
विकास को मिलेगी नई गति।

कलेक्टर विदिशा मुखर्जी की कार्यशैली से साफ संकेत मिल रहे हैं कि प्रशासन अब और अधिक सक्रिय और परिणामोन्मुख होगा। उनके नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को गति मिलने और जनहित से जुड़े मामलों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

मैहर में उनके आगमन के साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था में नई ऊर्जा और बेहतर शासन की उम्मीदें भी मजबूत हुई हैं।

Related Articles

Back to top button