Latest News

अपराधियों पर जबलपुर पुलिस का बड़ा प्रहार: एक रात में 223 वारंट तामील, 22 शराब तस्कर गिरफ्तार

अपराधियों पर जबलपुर पुलिस का बड़ा प्रहार: एक रात में 223 वारंट तामील, 22 शराब तस्कर गिरफ्तार

जबलपुर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में चलाए गए विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान वर्षों से फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसा गया और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी गई। इस कार्रवाई में 223 वारंट तामील किए गए और 22 अवैध शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया।

शहर में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में जबलपुर पुलिस ने शुक्रवार रात से शनिवार तड़के तक जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश तिवारी के मार्गदर्शन में शहर और ग्रामीण क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस टीमों ने भाग लिया।

रात 9 बजे से लेकर तड़के 2 बजे तक चले इस मेगा अभियान में पुलिस की विशेष टीमों ने जिलेभर में दबिश देकर वर्षों से फरार चल रहे वारंटियों और आरोपियों की तलाश की। अभियान के दौरान कुल 223 वारंट तामील किए गए, जिनमें 113 गैर मियादी वारंट, 74 गिरफ्तारी वारंट और 36 जमानती वारंट शामिल हैं। इनमें कई ऐसे आरोपी भी शामिल हैं जो लंबे समय से पुलिस और न्यायालय की कार्रवाई से बचते फिर रहे थे।

इसके अलावा अवैध शराब कारोबार के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 19 लीटर कच्ची शराब, 1427 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा 33 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की गई।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की। साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मुसाफिरखाना और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। देर रात घूमने वाले लोगों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई गई।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जनता में सुरक्षा की भावना बनाए रखना और कानून का पालन सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से बचने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

जबलपुर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से साफ है कि अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज़ हो रहा है। आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष ऑपरेशन जारी रहेंगे, जिससे अपराधियों में डर और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।

Related Articles

Back to top button