अब बेटियों की तरफ नजर उठाई तो सीधे जेल! ASP अनु बेनीवाल के ‘गरिमा अभियान’ से मनचलों में मचा हड़कंप
अब मनचलों की खैर नहीं!" एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल खुद उतरीं मैदान में, 'गरिमा अभियान' से बेटियों को मिला सुरक्षा का भरोसा

सुनील सेन SET NEWS | जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में अब बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं बची है। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। उनके नेतृत्व में शुरू किया गया ‘गरिमा अभियान’ अब शहर के स्कूलों और कॉलेजों के बाहर सक्रिय मनचलों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक बड़ा अभियान बन चुका है।
यह केवल एक औपचारिक पुलिस अभियान नहीं, बल्कि छात्राओं को सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में उठाया गया एक सशक्त कदम है। अभियान के तहत पुलिस की टीमें लगातार स्कूलों और कॉलेजों के बाहर निगरानी कर रही हैं, ताकि कोई भी मनचला छात्राओं का पीछा करने या उन्हें परेशान करने की हिम्मत न कर सके।
इसी कड़ी में रानी दुर्गावती स्कूल के बाहर पुलिस ने अचानक चेकिंग अभियान चलाया। छुट्टी के समय कई युवक बिना किसी कारण स्कूल के बाहर घूमते मिले। कई मोटरसाइकिलें बिना नंबर प्लेट और बिना हेलमेट के संचालित होती मिलीं। पुलिस ने तत्काल ऐसे युवकों को रोककर पूछताछ की और उनके दस्तावेजों की जांच की।
इस दौरान एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने छात्राओं से सीधे बातचीत भी की। छात्राओं ने खुलकर बताया कि कई युवक रोज स्कूल के बाहर खड़े होकर उनका पीछा करते हैं और उन्हें असहज महसूस कराते हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने ऐसे संदिग्ध युवकों की पहचान शुरू कर दी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी।
एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल ने स्पष्ट कहा कि जबलपुर पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध होने से पहले उसे रोकना है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति छात्राओं या महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी मनचले या शोहदे को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने अभिभावकों और छात्राओं से भी अपील की कि यदि कोई उनका पीछा करे, अभद्र व्यवहार करे या किसी भी प्रकार से परेशान करे, तो बिना डर के तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करेगी।
‘गरिमा अभियान’ के माध्यम से जबलपुर पुलिस ने यह संदेश दिया है कि शहर की बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। आने वाले दिनों में शहर के सभी स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर इसी तरह की सघन निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।



