अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा! मझौली-रांझी में 496 पाव जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जबलपुर पुलिस का अभियान जारी है। एएसपी अंजना तिवारी, एएसपी सूर्यकांत शर्मा, एसडीओपी आदित्य सिंघारिया और सीएसपी सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन में मझौली और रांझी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 496 पाव देशी शराब जब्त की है।
मझौली में 346 पाव शराब बरामद,
टीआई पूर्वा चौरसिया की टीम ने 2 अक्टूबर को सूचना पर पोला रोड स्थित मिंटू साहू के घर के आंगन में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक मौके पर मिंटू साहू मौजूद नहीं मिला, लेकिन आंगन में रखी दो बोरियों से 346 पाव देशी शराब बरामद हुई। शराब की कीमत करीब 27 हजार 88 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर मिंटू साहू के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की।
रांझी में 150 पाव के साथ आरोपी गिरफ्तार,
वहीं टीआई उमेश गोल्हानी की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मोहनिया मैदान, पुरानी शराब दुकान के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में शराब लेकर बिक्री की तैयारी में है। पुलिस ने मौके पर दबिश दी तो एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामगोपाल प्रसाद उर्फ बल्ली पटेल, उम्र 60 वर्ष, निवासी नई बस्ती रांझी बताया।
3 पेटियों में मिली देशी शराब,
पुलिस के मुताबिक रामगोपाल उर्फ बल्ली पटेल के कब्जे से तीन पेटियों में 150 पाव देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 14 हजार 600 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की गई।
एक कार्रवाई में 496 पाव जब्त,
मझौली और रांझी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 496 पाव देशी शराब जब्त की गई। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस की नजर अवैध शराब के भंडारण और बिक्री करने वालों पर बनी हुई है।



