Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

अवैध शराब माफियाओं पर पुलिस का बड़ा प्रहार, पति-पत्नी गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब जब्त

एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर कार्रवाई | एएसपी आयुष जाखड़, सीएसपी अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में मदन महल पुलिस की टीम को बड़ी सफलता

जबलपुर में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित शराब तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। मदन महल थाना क्षेत्र के कालीमठ आमनपुर में पुलिस ने छापेमारी कर एक मकान से भारी मात्रा में अंग्रेजी और देशी शराब के साथ शराब बिक्री की नकदी जब्त की है। कार्रवाई के दौरान आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (एसपी) सम्पत उपाध्याय के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अखिलेश गौर की निगरानी में मदन महल पुलिस के नेतृत्व में की गई।

सीएसपी अखिलेश गौर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कालीमठ आमनपुर निवासी बंटू विश्वकर्मा उर्फ ज्ञानेश्वर विश्वकर्मा अपनी पत्नी रजनी विश्वकर्मा के साथ घर में भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी बंटू विश्वकर्मा छत के रास्ते भागने का प्रयास करने लगा, जबकि उसकी पत्नी ने गेट नहीं खोलकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस ने मकान की तलाशी लेकर घर के अलग-अलग हिस्सों से भारी मात्रा में शराब बरामद की।

तलाशी के दौरान पुलिस ने 43 बोतल अंग्रेजी शराब, 818 पाव अंग्रेजी शराब, 387 पाव देशी शराब तथा शराब बिक्री के ₹6,150 नकद जब्त किए। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी बंटू विश्वकर्मा उर्फ ज्ञानेश्वर विश्वकर्मा के विरुद्ध पहले से 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध शराब की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

उल्लेखनीय भूमिका- अवैध शराब जप्त करने में मदनमहल  सहायक उप निरीक्षक हल्केराम भलावी, प्रधान आरक्षक बल्देव विश्वकर्मा, के.के.श्रीवास, आरक्षक बालाराम, आदित्य, महिला आरक्षक मंजरी, वैशाली की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button