एयरपॉड बना सुराग: जीआरपी ने 2 घंटे में 10 लाख की चोरी का किया खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार
एयरपॉड बना सुराग: जीआरपी ने 2 घंटे में 10 लाख की चोरी का किया खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

जबलपुर में जीआरपी पुलिस ने हाईटेक तकनीक और तेज कार्रवाई का शानदार उदाहरण पेश करते हुए ट्रेन में हुई लाखों की चोरी का मामला महज चंद घंटों में सुलझा लिया। चोरी गए एप्पल एयरपॉड की लोकेशन ने पुलिस को सीधे आरोपी तक पहुंचा दिया।
दरअसल, 22 जून 2026 को इटारसी निवासी नीलेश मालपानी ने अमरकंटक एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर 12853 में सफर के दौरान अपनी पत्नी के पर्स से करीब साढ़े दस लाख रुपये के कीमती जेवरात, नकदी, एप्पल एयरपॉड और जरूरी दस्तावेज चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने पारंपरिक मुखबिर तंत्र के साथ-साथ आधुनिक डिजिटल तकनीक का सहारा लिया और चोरी गए एयरपॉड की लाइव लोकेशन ट्रैक करना शुरू किया।
तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर जीआरपी टीम ने जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र के शिवनगर इलाके में दबिश दी, जहां से 40 वर्षीय शातिर चोर रितेश उर्फ कालू उर्फ अमित को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसके कब्जे से चोरी गया पूरा सामान—सोने का हार, कान के टाप्स, अंगूठियां, ब्रेसलेट, नकदी, एयरपॉड, आईफोन चार्जर और महत्वपूर्ण दस्तावेज—सुरक्षित बरामद कर लिए गए।
जीआरपी जबलपुर की इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई से न सिर्फ चोरी का खुलासा हुआ, बल्कि यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत हुआ है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत सहित पूरी टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।



