IndiaJabalpurLatest NewsMP

गढ़ा पुलिस की शानदार सुरक्षा व्यवस्था में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ मोहर्रम, भाईचारे और अनुशासन की बनी मिसाल

गढ़ा पुलिस की शानदार सुरक्षा व्यवस्था में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ मोहर्रम, भाईचारे और अनुशासन की बनी मिसाल

जबलपुर। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मनाए जाने वाले मोहर्रम पर शुक्रवार को गढ़ा थाना क्षेत्र में आस्था, अनुशासन और गंगा-जमुनी तहज़ीब का खूबसूरत नज़ारा देखने को मिला। दोपहर में जुमे की नमाज़ के बाद आसपास के गांवों और शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आकर्षक ताजिए सरावगी मोहल्ला पहुंचने लगे, जहां बड़ी संख्या में अकीदतमंद जुटे।

शाम करीब 6 बजे मुख्य जुलूस पूरे धार्मिक सम्मान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ रवाना हुआ। “या हुसैन, या अली” के नारों के बीच अकीदतमंदों ने मातम और अकीदत पेश की। निर्धारित मार्ग से होते हुए देर शाम सभी ताजियों को पूरे सम्मान के साथ कर्बला पहुंचाकर ठंडा किया गया।

पूरे आयोजन के दौरान गढ़ा पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था बेहद प्रभावी और व्यवस्थित रही। जुलूस मार्ग पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी। हर प्रमुख चौराहे और संवेदनशील स्थान पर पुलिस जवान मुस्तैद रहे, जबकि वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था का जायजा लेते रहे। पुलिस ने यातायात संचालन और भीड़ प्रबंधन को भी बेहतर तरीके से संभाला, जिससे पूरे आयोजन के दौरान कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी।

गढ़ा सीएसपी आशीष जैन ने बताया कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने पहले से ही व्यापक तैयारियां की थीं। स्थानीय नागरिकों, ताजिया कमेटियों और समाज के वरिष्ठजनों के सहयोग से पूरे आयोजन के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा।

मोहर्रम का यह आयोजन गढ़ा क्षेत्र में आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और धार्मिक सद्भाव का संदेश देकर संपन्न हुआ। गढ़ा पुलिस की सतर्कता, प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था और जनता के सहयोग से पूरा जुलूस शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसकी स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।

Related Articles

Back to top button