जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के लाल बाबा मंदिर में चोरी का चंद घंटों में खुलासा, धनवंतरी नगर चौकी पुलिस ने दो आरोपी दबोचे, तीसरे की तलाश जारी
संजीवनी नगर थाना क्षेत्र | लाल बाबा मंदिर चोरी का खुलासा | दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा फरार

जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनवंतरी नगर चौकी इलाके में स्थित प्रसिद्ध लाल बाबा मंदिर में हुई लाखों रुपये की दान पेटी चोरी का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया। मंदिर की दो दान पेटियां तोड़कर नकदी चोरी करने वाले तीन आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी देर रात कथित तौर पर शराब के नशे में मंदिर पहुंचे और पूरी बेखौफी से दो दान पेटियों के ताले तोड़कर उनमें रखी करीब 2 से 2.5 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसने पुलिस जांच को नई दिशा दी।
घटना की सूचना मिलते ही धनवंतरी नगर चौकी पुलिस सक्रिय हुई। चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार मरावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने अजय उर्फ अज्जू ठाकुर (21 वर्ष), निवासी भूकंप कॉलोनी, धनवंतरी नगर तथा धर्मेंद्र अहिरवार (20 वर्ष), निवासी लाल बाबा सागर कॉलोनी, धनवंतरी नगर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। वहीं तीसरा आरोपी अड्डू वाल्मीकि फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार मरावी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक बार फिर जबलपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह साबित हुआ कि आधुनिक तकनीक और सतर्क पुलिसिंग के जरिए गंभीर वारदातों का भी कम समय में खुलासा किया जा सकता है।



