Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsLifestyleMP

जबलपुर में रिहायशी इलाकों में मौत का सामान बेचने वालों पर पुलिस का शिकंजा! बिना लाइसेंस पटाखा दुकानें पकड़ीं, गढ़ा पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन

एसपी सम्पत उपाध्याय के सख्त निर्देश पर मैदान में उतरी पुलिस, रिहायशी इलाकों में अवैध पटाखा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई

जबलपुर। त्योहार की खुशियों के बीच लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जबलपुर पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। रिहायशी इलाकों में बिना लाइसेंस ज्वलनशील पटाखों की दुकान सजाकर कारोबार करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के स्पष्ट निर्देश पर जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गढ़ा पुलिस ने लगातार दो कार्रवाई कर अवैध पटाखा बेचने वाले दुकान संचालकों को पकड़ा और विस्फोटक सामग्री जब्त की।

एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश, अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई,
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, सीएसपी गढ़ा आशीष जैन, सीएसपी कोतवाली अखिलेश गौर और सीएसपी ओमती सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना गढ़ा, लार्डगंज और बेलबाग पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

काजी मोहल्ले में अवैध पटाखा दुकान पर दबिश, अब्दुल रहमान पकड़ा गया,
थाना प्रभारी गढ़ा प्रसन्न कुमार शर्मा को 4 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि काजी मोहल्ला क्षेत्र में अब्दुल रहमान बिना लाइसेंस ज्वलनशील पटाखों की दुकान लगाकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां दुकान पर लोगों की भीड़ लगी हुई थी। पुलिस ने दुकान संचालक अब्दुल रहमान, उम्र 36 वर्ष, निवासी काजी मोहल्ला से पटाखों के लाइसेंस और अनुज्ञप्ति के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने उसके कब्जे से बुलेट बम, डबल आवाज वाले बम, लच्छी बम, लक्ष्मी बम, अनारदाना, फुलझड़ी, मुर्गा छाप पटाखे, चकरी और रॉकेट सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए। जब्त सामग्री की कीमत करीब 1800 रुपये बताई गई है।

दूसरी कार्रवाई – 1000 पाइप बम के साथ आगम जैन पकड़ा गया,
गढ़ा पुलिस ने दूसरी कार्रवाई अरिहंत बुक डिपो के पास की। यहां आगम जैन, उम्र 19 वर्ष, निवासी इंदिरा गांधी वार्ड गढ़ा के कब्जे से दो पेटियों में रखे कुल 1000 पाइप बम बरामद किए गए। पुलिस ने विस्फोटक सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।

थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा की सक्रियता, अवैध कारोबारियों को सख्त संदेश,
गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रिहायशी इलाके में चल रहे अवैध पटाखा कारोबार को उजागर किया। पुलिस की यह कार्रवाई केवल अवैध बिक्री पर रोक लगाने तक सीमित नहीं, बल्कि रहवासी इलाकों में रहने वाले परिवारों, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा से भी जुड़ी है।

दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध धारा 223(बी), 288 बीएनएस एवं 8/9 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस की चेतावनी – त्योहार की आड़ में लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं!
रिहायशी इलाकों में विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण और बिक्री कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में जबलपुर पुलिस की यह कार्रवाई सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि बिना लाइसेंस पटाखों का कारोबार करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

चंद रुपयों के मुनाफे के लिए अगर किसी रहवासी इलाके में बड़ा विस्फोट हो जाए तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? ऐसे कारोबार पर समय रहते कार्रवाई होना ही आम नागरिकों की सुरक्षा की सबसे बड़ी जरूरत है।