जबलपुर में चाकूबाजों का आतंक, दो भाइयों को घेरकर लूटा और किया जानलेवा हमला! वारदात के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
रानीताल फ्लाईओवर के पास पांच बदमाशों ने चाय पीकर लौट रहे युवकों को बनाया निशाना, 6 हजार रुपये लूटे, एक युवक का ऑपरेशन हुआ—घटना के बाद भी गिरफ्तारी नहीं, पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

जबलपुर। शहर में अपराधियों के हौसले लगातार सवालों के घेरे में हैं। लॉर्डगंज थाना क्षेत्र के रानीताल पेट्रोल पंप के पास फ्लाईओवर पर देर रात हुई चाकूबाजी और लूट की वारदात ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चाय पीकर घर लौट रहे दो भाइयों को करीब पांच बदमाशों ने दो गाड़ियों से पहुंचकर घेर लिया। पहले रुपयों की मांग की, विरोध करने पर चाकुओं से हमला कर दिया और 6 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। वारदात में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका अस्पताल में ऑपरेशन करना पड़ा। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद अब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए हैं।
चाय पीकर लौट रहे थे, रास्ते में मौत बनकर पहुंचे बदमाश,
पीड़ित मोहम्मद अतर अंसारी के मुताबिक, वह रात करीब 11:30 बजे दुकान से घर लौट रहा था। दोस्तों का फोन आने पर वह उनके साथ मंडी में चाय पीने चला गया। चाय पीकर सभी वापस लौट रहे थे, तभी रानीताल पेट्रोल पंप के पास फ्लाईओवर के मोड़ पर दो गाड़ियों में सवार करीब पांच बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने उन्हें घेरकर रुपयों की मांग शुरू कर दी।
पैसे देने से किया इनकार तो चाकुओं से किया हमला,
युवकों ने जब रुपये देने का विरोध किया तो बदमाशों ने चाकुओं से हमला कर दिया। आरोपियों ने अतर अंसारी से 4 हजार रुपये और उसके छोटे भाई मोहम्मद अली हुसैन से 2 हजार रुपये छीन लिए। कुल 6 हजार रुपये लूटने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में मोहम्मद अली हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका ऑपरेशन किया गया।
वारदात के बाद भी आरोपी फरार, पुलिस की कार्रवाई कहां तक पहुंची?
इस घटना को हुए समय बीत चुका है, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस की ओर से सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आरोपियों की तलाश करने की बात कही गई थी। इसके बावजूद पीड़ित परिवार को अब तक गिरफ्तारी का इंतजार है। सवाल यह है कि दो गाड़ियों में आए पांच बदमाशों ने खुलेआम चाकूबाजी और लूट की वारदात को अंजाम दिया, फिर भी पुलिस उन तक क्यों नहीं पहुंच पाई?
सिर्फ सीसीटीवी खंगालने से नहीं मिलेगी राहत!
लॉर्डगंज क्षेत्र की इस वारदात ने रात्रिकालीन गश्त और अपराधियों पर निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आम नागरिक रात में घर लौटते समय सुरक्षित महसूस करना चाहता है, लेकिन ऐसी घटनाएं लोगों में डर पैदा करती हैं। पीड़ित परिवार आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के सामने पेश करती है।
जब वारदात के बाद पुलिस को आरोपियों की तलाश और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की जानकारी थी, तो अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? आखिर पीड़ित परिवार को न्याय के लिए और कितना इंतजार करना पड़ेगा?


