IndiaJabalpurLatest NewsMP

हादसे के बीच फरिश्ता बनकर पहुंचे जबलपुर कलेक्टर! पलटी ऑटो में फंसी जिंदगी को खुद किया रेस्क्यू

अनियंत्रित ऑटो पलटने से मची चीख-पुकार, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने रुकवाया अपना वाहन, लोगों के साथ मिलकर यात्रियों को निकाला बाहर और घायलों को पहुंचाया अस्पताल

जबलपुर। आमतौर पर किसी हादसे के बाद लोग मदद के लिए प्रशासन और पुलिस के पहुंचने का इंतजार करते हैं, लेकिन बिलहरी क्षेत्र में डीमार्ट के पास हुए एक सड़क हादसे के दौरान जबलपुर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने संवेदनशीलता और तत्परता की मिसाल पेश की। सवारियों से भरी एक ऑटो रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। ऑटो में सवार यात्री अंदर फंस गए, जबकि कुछ लोग उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

काफिला रुकवाया, खुद पहुंचे मदद के लिए,
इसी दौरान वहां से गुजर रहे कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा की नजर हादसे पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए अपना वाहन रुकवाया और सीधे घटनास्थल पर पहुंच गए। हालात को देखते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों के साथ मिलकर पलटी हुई ऑटो को सीधा कराया। इसके बाद ऑटो में फंसे यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।

घायलों को अस्पताल पहुंचाने की भी व्यवस्था,
ऑटो में चालक सहित कुल छह लोग सवार थे। इनमें तीन महिलाएं, एक बच्चा और एक पुरुष शामिल थे। हादसे में एक महिला और एक बच्चे सहित चार लोगों को चोटें आईं। कलेक्टर ने पीछे से आ रहे खनिज विभाग के वाहन की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचवाया।

फोन पर दिए त्वरित उपचार के निर्देश,
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने मौके से ही जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी को फोन कर घायलों का समुचित और तत्काल उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनकी तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से ऑटो में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।

पद की जिम्मेदारी से आगे बढ़कर दिखाई इंसानियत,
यह घटना बताती है कि प्रशासनिक जिम्मेदारी केवल दफ्तरों तक सीमित नहीं होती। संकट की घड़ी में मौके पर रुककर लोगों की मदद करना भी जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने हादसे के समय जिस तरह संवेदनशीलता दिखाते हुए राहत कार्य में हाथ बंटाया, उसने प्रशासनिक अधिकारी के साथ-साथ एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका भी सामने रखी।

Related Articles