सिहोरा में दिनदहाड़े 5 लाख की लूट से हड़कंप! व्यापारी को टक्कर मारकर जेवर लूटे, कार सवार चार बदमाश फरार—थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को ने संभाला मोर्चा, पुलिस का अपराधियों को खुला संदेश!

जबलपुर। दिन का उजाला था, सड़क पर आवाजाही जारी थी और एक व्यापारी अपने कारोबार के सिलसिले में निकला था। लेकिन उसे क्या पता था कि रास्ते में घात लगाए बैठे बदमाश उसकी मेहनत की कमाई पर हाथ साफ करने की फिराक में हैं। सिहोरा के गौरहा गांव के पास हुई इस वारदात ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और बेखौफ अपराधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीछे से टक्कर… और फिर लूट की वारदात!
जानकारी के मुताबिक बरगी मोहला निवासी सोना-चांदी के व्यापारी मनोज सोनी करीब 5 लाख रुपये के जेवरात लेकर गौरहा गांव की तरफ जा रहे थे। तभी कार सवार चार बदमाशों ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मारकर गिरा दिया। व्यापारी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाश उनके जेवरात लेकर कार से फरार हो गए। कुछ ही पलों में बदमाश लाखों के जेवर लेकर आंखों से ओझल हो चुके थे।
भागते बदमाशों की रफ्तार ने बेजुबान को भी नहीं बख्शा!
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद बदमाश इतनी तेज रफ्तार से भागे कि गौरहा के पास एक गाय को भी टक्कर मार दी। बेजुबान जानवर घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। सवाल यह है कि आखिर इन बदमाशों को कानून का कितना खौफ रह गया है, जो दिनदहाड़े ऐसी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए?
थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को एक्शन मोड में, आरोपियों की तलाश तेज!
मामले में सिहोरा थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को ने बताया कि फरियादी से पूछताछ में करीब 5 लाख रुपये के जेवरात की लूट की जानकारी सामने आई है। पुलिस की टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश में लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अपराधियों तक पहुंचेगी पुलिस, बचने के रास्ते होंगे मुश्किल!
थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को का आरोपियों के लिए साफ संदेश है कि लूट और अपराध करके कानून से बचने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। अब चुनौती है उन चारों कार सवार बदमाशों तक पहुंचने की, जिन्होंने एक व्यापारी को निशाना बनाकर लाखों के जेवर लूटे।
एक तरफ व्यापारी को न्याय मिलने का इंतजार है, तो दूसरी तरफ पुलिस के सामने आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए जेवरों की बरामदगी की चुनौती है। अब देखना होगा कि थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को की टीम कब तक इस वारदात का पर्दाफाश करती है।
SET NEWS जबलपुर
जहां तक भारत, वहां तक SET NEWS न्यूज़।