Latest News

जबलपुर: गोरखपुर में मनचलों पर पुलिस का शिकंजा: युवती से छेड़छाड़ करने वाला साहिल यादव गिरफ्तार, इलाके में निकाला जुलूस

छेड़छाड़ से तंग युवती पहुंची थाने, आरोपी साहिल उर्फ दीपक यादव गिरफ्तार; पुलिस ने निकाला जुलूस

जबलपुर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली 18 वर्षीय युवती से लगातार छेड़छाड़ और पीछा करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी साहिल उर्फ दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गोरखपुर थाना पुलिस ने उसका इलाके में जुलूस निकालकर महिलाओं से अभद्रता करने वालों को सख्त चेतावनी दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती पिछले कई दिनों से क्षेत्र के रहने वाले साहिल उर्फ दीपक यादव और उसके दोस्तों की हरकतों से परेशान थी। आरोपी युवती के घर से निकलने से लेकर उसके आने-जाने तक नजर रखता था। इतना ही नहीं, वह अपने दोस्तों के साथ मिलकर युवती का पीछा करता, रास्ते में रोकने की कोशिश करता और अभद्र टिप्पणियां कर उसे मानसिक रूप से परेशान करता था।

शुरुआत में युवती ने मामले को नजरअंदाज किया, लेकिन जब आरोपी और उसके साथियों की हरकतें लगातार बढ़ने लगीं, तब उसने अपने माता-पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी की परेशानी सुनकर परिजन तत्काल उसे लेकर गोरखपुर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर गोरखपुर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल उर्फ दीपक यादव, सौरभ और अन्य तीन साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए मुख्य आरोपी साहिल उर्फ दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी 26 वर्षीय साहिल उर्फ दीपक यादव हाथीताल गुप्तेश्वर, गोरखपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का इलाके में जुलूस निकालकर आम लोगों के बीच यह संदेश दिया कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

फिलहाल मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गोरखपुर पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भी युवतियों और महिलाओं से अपील की है कि अगर कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करता है तो बिना डर के तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button