Latest News

घर में घुसा बदमाश, 70 वर्षीय वृद्धा के गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार; आरोपी की तलाश में जुटी गढ़ा पुलिस

घर में घुसा बदमाश, 70 वर्षीय वृद्धा के गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार; आरोपी की तलाश में जुटी गढ़ा पुलिस

जबलपुर के गढा थाना क्षेत्र में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। गढ़ा थाना क्षेत्र के बेदीनगर इलाके में दिनदहाड़े एक 70 वर्षीय वृद्धा के गले से मंगलसूत्र छीनने की वारदात सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना गढ़ा में प्रमोद यादव उम्र 52 वर्ष निवासी बेदीनगर गढ़ा ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 70 वर्षीय मां राजकुमारी यादव उनके साथ घर में रहती हैं। दिनांक 14 मई 2026 की शाम करीब 4 बजे राजकुमारी यादव घर के अंदर अपने कमरे के पास मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक उनकी चीख-पुकार सुनाई दी।

आवाज सुनकर जब प्रमोद यादव मौके पर पहुंचे तो उन्होंने एक युवक को तेजी से घर से बाहर भागते देखा। बताया जा रहा है कि आरोपी ने हरे रंग की शर्ट और काला पैंट पहन रखा था। वृद्धा राजकुमारी यादव ने बताया कि अज्ञात युवक अचानक घर के भीतर घुसा और उनके गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गया।

चोरी गया मंगलसूत्र गुरिया सहित बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 40 हजार रुपये है। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर गढ़ा थाना पुलिस ने धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे पुलिस गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button