Latest News

जबलपुर के धनवंतरी नगर में संदिग्ध मौत से हड़कंप, कमरे के अंदर मिला फोटोग्राफर युवक का शव

धनवंतरी नगर में संदिग्ध मौत से हड़कंप, कमरे के अंदर मिला फोटोग्राफर युवक का शव

जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनवंतरी नगर की कृष्ण विहार कॉलोनी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव मकान के अंदर मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची संजीवनी नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और मर्ग कायम कर पूरे मामले को जांच में लिया है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अखिलेश लोधी के रूप में हुई है, जो पेशे से फोटोग्राफी का काम करता था। बताया जा रहा है कि अखिलेश धनवंतरी नगर स्थित कृष्ण विहार कॉलोनी में अपने दोस्त सिद्धार्थ के साथ किराए के मकान में रहता था। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

मामले में मृतक के भाई आकाश लोधी ने हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि उन्हें अखिलेश के दोस्त सिद्धार्थ द्वारा फोन कर जानकारी दी गई कि उनके भाई की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि अखिलेश घर के अंदर सोफे पर संदिग्ध हालत में मृत पड़ा हुआ था।

परिजनों का कहना है कि मामला सामान्य मौत का नहीं लग रहा। युवक की अचानक मौत और कमरे के अंदर शव मिलने से कई संदेह पैदा हो रहे हैं। परिवार ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और गंभीर जांच की मांग की है।

घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इसके साथ ही मृतक के साथ रहने वाले दोस्त और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल कृष्ण विहार कॉलोनी में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग भी युवक की मौत को संदिग्ध मानते हुए मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर फोटोग्राफर युवक की मौत सामान्य है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी हुई है। इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।

हमें फोन पर भाई की मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे तो भाई घर के अंदर सोफे पर मृत पड़ा था। मामला संदिग्ध है, इसकी गंभीर जांच होनी चाहिए।”

Related Articles

Back to top button