जबलपुर पुलिस की बड़ी कॉम्बिंग कार्रवाई: 205 वारंट तामील, वर्षों से फरार आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर पुलिस की बड़ी कॉम्बिंग कार्रवाई: 205 वारंट तामील, वर्षों से फरार आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर में अपराधों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने एक बार फिर बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में देर रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त कर कई वर्षों से फरार आरोपियों और वारंटियों पर शिकंजा कसा गया। इस कार्रवाई में कुल 205 वारंट तामील किए गए, जिससे लंबे समय से कानून से बच रहे अपराधियों में हड़कंप मच गया।
16 मई की रात 9 बजे से 17 मई की रात 2 बजे तक चले इस विशेष अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, एएसपी जोन-2 पल्लवी शुक्ला, एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा, एएसपी यातायात अंजना तिवारी सहित शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी एसडीओपी, सीएसपी और थाना प्रभारियों ने मोर्चा संभाला।
अपराध नियंत्रण, लंबित वारंटों की तामीली और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से जिलेभर में अलग-अलग टीमें बनाई गईं। हर टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी, उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों ने किया। पुलिस टीमों ने शहर और देहात के विभिन्न इलाकों में दबिश देकर बड़ी सफलता हासिल की।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 106 गैर मियादी वारंट, 55 गिरफ्तारी वारंट और 44 जमानती वारंट तामील किए। इनमें अधिकांश आरोपी ऐसे थे जो कई वर्षों से फरार चल रहे थे और लगातार पुलिस को चकमा दे रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उनका कहना है कि आमजन में सुरक्षा का माहौल बनाना और कानून व्यवस्था मजबूत रखना पुलिस की प्राथमिकता है। लंबे समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी कानून व्यवस्था के लिए जरूरी थी।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी चेकिंग की गई। देर रात घूमने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई, वहीं रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया। साथ ही संदिग्ध वाहनों की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।
पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले में अपराध और अपराधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।



