गाड़ी चलाने का शौक पड़ा भारी: रांझी पुलिस ने 2 नाबालिग वाहन चोरों को दबोचा, 2 एक्टिवा बरामद
घूमने का शौक पड़ा भारी: 2 नाबालिगों ने चुराए वाहन, पुलिस ने किया खुलासा

जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में वाहन चोरी के दो मामलों का पुलिस ने खुलासा करते हुए 2 विधिविवादित बालकों को पकड़ा है। हैरान करने वाली बात यह रही कि दोनों नाबालिगों ने किसी आपराधिक मंशा से नहीं, बल्कि सिर्फ गाड़ी चलाने के शौक को पूरा करने के लिए 2 एक्टिवा चोरी की थीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गई दोनों एक्टिवा भी बरामद कर ली हैं।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू के मार्गदर्शन में थाना रांझी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
पहली घटना में बड़ा पत्थर निवासी प्रमोद गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पत्नी काम से लौटकर आईं तो खालसा स्कूल के पास खड़ी एक्टिवा क्रमांक MP 20 SS 1609 गायब थी। वहीं दूसरी घटना में जेडीए कॉलोनी निवासी अमर विश्वास ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि घर के सामने खड़ी उनकी एक्टिवा क्रमांक MP 20 SF 5703 चोरी हो गई।
दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें 2 संदिग्ध बालक नजर आए। फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों 14 वर्षीय विधिविवादित बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें गाड़ी चलाने का काफी शौक था, लेकिन घर में वाहन नहीं होने के कारण पुरानी चाबी की मदद से दोनों एक्टिवा का लॉक खोला और चोरी कर ली। चोरी के बाद दोनों शहर में घूमते रहे और जब वाहनों का पेट्रोल खत्म हो गया तो उन्हें सुंदरवन स्थित खंडहर के पास खड़ा कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ग्रे रंग की एक्टिवा MP 20 SF 5703 और नीले रंग की एक्टिवा MP 20 SS 1609 बरामद कर ली।
वाहन चोरी के इस मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी रांझी निरीक्षक उमेश कुमार गोल्हानी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम, आरक्षक चंद्रभान, मनीष और अभिषेक मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही। रांझी पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है।



