जबलपुर में आधी रात घर पर बरसे बम: पुरानी रंजिश में दहशत फैलाने की कोशिश, आरोपी फरार
आधी रात घर पर बरसे बम: पुरानी रंजिश में दहशत फैलाने की कोशिश, आरोपी फरार

जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र में आधी रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए सुअरमार बम फेंक दिए। पुरानी रंजिश में की गई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना व्हीकल मोड़ पटेल नगर की है, जहां रहने वाली प्रीति सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के मुताबिक, 22 जून की सुबह पड़ोस में रहने वाले प्रिंस साहू और दक्ष राजपूत ने पुराने मकान विवाद को लेकर उन्हें धमकी दी थी कि रात में उनके घर पर बम फेंकेंगे।
पहले तो उन्होंने इस धमकी को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन देर रात करीब 2:15 बजे वही धमकी हकीकत बनकर सामने आई। एक स्कूटी पर सवार होकर दक्ष राजपूत अपने एक साथी के साथ उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए डराने लगा। इसके बाद उसके साथी ने घर के आंगन में एक के बाद एक तीन सुअरमार बम फेंक दिए।
जैसे ही धमाके हुए, पूरा घर दहल उठा। आवाज सुनकर परिवार के लोग घबराकर बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो चुके थे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया।
गनीमत रही कि इस हमले में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन जिस तरह से आधी रात को घर को निशाना बनाया गया, उसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूचना मिलते ही अधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
पुरानी रंजिश में इस तरह की खतरनाक वारदात यह दर्शाती है कि कुछ लोग कानून से बेखौफ हो चुके हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इन आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करती है।



