Latest News

जबलपुर में ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, 6600 नशीले इंजेक्शन के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार

ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, 6600 नशीले इंजेक्शन के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार

जबलपुर में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच, बेलबाग और अधारताल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 6600 नशीले इंजेक्शन, 5 मोबाइल फोन और एक ई-रिक्शा जब्त करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह शहर में लंबे समय से नशीले इंजेक्शनों की तस्करी और सप्लाई का काम कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव तथा उप पुलिस अधीक्षक अपराध उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
थाना बेलबाग प्रभारी जीतेन्द्र पाटकर को सूचना मिली थी कि रामलीला मैदान के पास एक ई-रिक्शा में भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन रखे हुए हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दुर्गा पटेल (46 वर्ष), निवासी समता कॉलोनी, गोहलपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 3200 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
पूछताछ में दुर्गा पटेल ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मोहम्मद आरिफ (32 वर्ष), निवासी ठक्कर ग्राम पचकुईया, हनुमानताल, अमजद खान (48 वर्ष), निवासी गाजी नगर झुग्गी-झोपड़ी, 10 नल गोहलपुर, सैय्यद असरफ अली उर्फ जीजा (39 वर्ष), निवासी बंद कुआं, नया मोहल्ला ओमती तथा सौरभ नामदेव (45 वर्ष), निवासी गुलाटी पेट्रोल पंप के पास, मदनमहल को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि अमजद खान और सैय्यद असरफ अली उर्फ जीजा पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहे थे, जबकि अन्य आरोपी सप्लाई और वितरण की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनके जरिए कारोबार संचालित किया जा रहा था।
उधर अधारताल थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में मिल्क स्कीम मैदान के पीछे दबिश देकर गीतांशु साहू (26 वर्ष), निवासी बजरंग बाड़ा, अधारताल को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 3400 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। आरोपी ने पूछताछ में कल्लू दद्दा निवासी भानतलैया का नाम बताया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
इस बड़ी कार्रवाई में थाना प्रभारी अपराध शैलेश मिश्रा के निर्देशन में उप निरीक्षक विजय धुर्वे, प्रभाकर सिंह, सीताराम बकोड़े, सहायक उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, संतोष पाण्डेय, प्रधान आरक्षक मुकेश धुर्वे, गोपीचंद टेम्भरे, रवि चौधरी, विनीत शुक्ला, मनीष, महेन्द्र सिंह बिष्ट, प्रेमलाल विश्वकर्मा तथा आरक्षक विद्यासागर, बुनेला प्रसाद, प्रतीम उपाध्याय, शिव सिंह बघेल, जयप्रकाश तिवारी, आशुतोष बघेल, इन्द्रजीत यादव, अनूप और शशिकांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जबलपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने शहर में सक्रिय ड्रग्स माफिया को बड़ा झटका दिया है। 6600 नशीले इंजेक्शनों की बरामदगी इस बात का संकेत है कि नशे का कारोबार कितनी गहराई तक फैल चुका था। पुलिस अब फरार आरोपियों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। वहीं शहरवासियों ने भी इस कार्रवाई की सराहना करते हुए मांग की है कि युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाले ऐसे तस्करों के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Back to top button