जबलपुर में दिनदहाड़े हमला, पुलिस बेखबर: CCTV वायरल फिर भी लार्डगंज थाना खाली हाथ
जबलपुर में दिनदहाड़े हमला, पुलिस बेखबर: CCTV वायरल फिर भी लार्डगंज थाना खाली हाथ

जबलपुर के लार्डगंज थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज वारदात ने थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गढ़ा फाटक इलाके में दुकान संचालक संयम जैन पर दिनदहाड़े तीन बदमाशों ने मिर्ची पाउडर डालकर डंडों से हमला किया और लूट का प्रयास भी किया, लेकिन इसके बावजूद अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो रहा है। इसके बावजूद लार्डगंज थाना पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है, जिससे उसकी सुस्ती और लापरवाही उजागर हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन थाना पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था कमजोर बनी हुई है। यही वजह है कि बदमाश बेखौफ होकर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने साफ कहा है कि अगर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
फिलहाल थाना पुलिस वीडियो के आधार पर जांच की बात जरूर कर रही है, लेकिन सवाल यही है कि जब सबूत सामने हैं, तो कार्रवाई इतनी धीमी क्यों? पुलिस की यही ढिलाई अब अपराधियों के हौसले बुलंद कर रही है।



