Latest News

जबलपुर में पत्नी का इलाज कराने निकला युवक अगले दिन खेत में मिला मृत: शरीर पर चोट के निशान, मौत बनी रहस्य

पत्नी का इलाज कराने निकला युवक अगले दिन खेत में मिला मृत: शरीर पर चोट के निशान, मौत बनी रहस्य

जबलपुर के पाटन थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी का इलाज कराने घर से निकला युवक अगले ही दिन खेत में मृत अवस्था में मिला। युवक के शव पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम धमनी निवासी 30 वर्षीय जीवन सिंह लोधी 14 मई को अपनी पत्नी का इलाज कराने कटरा स्थित एक निजी डॉक्टर के पास पहुंचा था। बताया जा रहा है कि जीवन सिंह अपनी पत्नी को डॉक्टर के यहां छोड़कर और मोटरसाइकिल भी वहीं खड़ी कर शाम करीब 6 बजे पैदल कहीं चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन रातभर उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

अगली सुबह मृतक के भांजे नीलेश सिंह लोधी ने परिवार को सूचना दी कि कटरा बेलखेड़ा गांव स्थित शिव प्रसाद के खेत और कोटवार के खेत के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान जीवन सिंह लोधी के रूप में हुई। युवक का शव खेत में पड़ा देखकर परिजनों के होश उड़ गए और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है। जानकारी के अनुसार युवक की गर्दन में चोट के निशान पाए गए हैं, वहीं बाईं आंख के पास काला निशान भी दिखाई दिया। इसके अलावा दाहिने हाथ में भी चोट के निशान मिले हैं। शरीर पर मिले इन निशानों के बाद परिजन मौत को संदिग्ध बता रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत हादसे में हुई, किसी पुरानी रंजिश का मामला है या फिर उसके साथ कोई अप्रिय घटना हुई है।

फिलहाल पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा। पाटन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button