Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर में परीक्षार्थियों की गाड़ियों पर शातिर की नजर, माढ़ोताल पुलिस ने खोला चोरी का राज

ग्लोबल कॉलेज के बाहर डिक्की खोलकर मोबाइल, नकदी और जेवर पर हाथ साफ

जबलपुर। ग्लोबल कॉलेज में परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों की गाड़ियों को शातिर चोर ने निशाना बनाया। परीक्षा खत्म होने के बाद जब परीक्षार्थी अपनी एक्टिवा और अन्य वाहनों के पास पहुंचे, तो किसी की डिक्की से मोबाइल गायब था, तो किसी का नकदी और जेवर से भरा सामान। लगातार सामने आ रही शिकायतों ने पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी थी।

शिकायत मिलते ही जांच में जुटी माढ़ोताल पुलिस,
24 सितंबर को प्राची भोसले ने माढ़ोताल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी मास्टर चाबियों की मदद से वाहनों की डिक्की खोलकर सामान निकाल रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया।

CCTV ने खोला राज, प्रतीक तक पहुंची पुलिस,
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने संदिग्ध की पहचान प्रतीक उर्फ गोलू सोनी के रूप में की। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर चोरी की वारदातों से जुड़े सामान की बरामदगी हुई।

6 मोबाइल, लॉकेट और 17 हजार रुपये बरामद,
पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, सोने जैसी धातु का एक लॉकेट और 17 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल MP 20 MH 9483 और डिक्की खोलने वाली मास्टर चाबियां भी जब्त की गईं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इसी तरीके से और कितनी वारदातों को अंजाम दिया।

पुलिस टीम की रणनीति से गिरफ्तारी,
यह कार्रवाई एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर एएसपी डॉ. आयुष जाखड़ और सीएसपी भगत सिंह गोठरिया के मार्गदर्शन में की गई। टीआई वीरेन्द्र सिंह पवार के नेतृत्व में उप निरीक्षक विजय पुष्पकार, एएसआई विजय शुक्ला, प्रधान आरक्षक बलराम पाण्डेय, मुनीम मर्सकोले, सचिन मेहरा, आरक्षक विनय सिंह, राहुल, कुनाल यादव और निकेश ने जांच और गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विजयनगर थाना आरक्षक रूपेश और विनीत उपमन्यु ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।

न्यायालय में पेश, अन्य वारदातों की जांच जारी,
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार प्रतीक उर्फ गोलू सोनी को न्यायालय में पेश किया गया है। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में पूर्व के प्रकरण दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है। अब माढ़ोताल पुलिस आरोपी से जुड़ी अन्य चोरी की घटनाओं और बरामद सामान के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

Related Articles