Latest News
जबलपुर में फार्म हाउस से युवक का अपहरण, मारपीट कर जबरन दुकान लिखवाई—रांझी में सनसनी
फार्म हाउस से युवक का अपहरण, मारपीट कर जबरन दुकान लिखवाई—रांझी में सनसनी

जबलपुर, रांझी थाना क्षेत्र में अपहरण, मारपीट और जबरन संपत्ति हस्तांतरण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित मोनू रैकवार (46 वर्ष), निवासी मड़ई मस्जिद के पास रांझी, ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में पूरी घटना का खुलासा किया है।
मोनू रैकवार ने बताया कि वह बकरी एवं मुर्गी पालन का कार्य करता है। लगभग 7 माह पूर्व उसने विवेक सतनामी के साथ मझौली के कटाव धाम में एक फार्म हाउस किराए पर लेकर व्यवसाय शुरू किया था, लेकिन कारोबार में घाटा हो गया था।
घटना 19 अप्रैल 2026 की है, जब मोनू फार्म हाउस पर मौजूद था। उसी दौरान अभिषेक घाटे अपने तीन अन्य साथियों के साथ एक टाटा सफारी गाड़ी से वहां पहुंचे और उसे विवेक सतनामी द्वारा बुलाने की बात कही। मना करने पर आरोपियों ने जबरदस्ती उसे गाड़ी में बैठा लिया और रास्ते में उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा उसका मोबाइल फोन छीन लिया।
इसके बाद आरोपी उसे बस स्टैंड स्थित विवेक सतनामी के कार्यालय ले गए, जहां फिर उसके साथ मारपीट की गई। बाद में आरोपियों ने उसे डरा-धमकाकर तहसील कार्यालय के पास एक शपथ पत्र विक्रेता के पास ले जाकर उसकी मड़ई स्थित 264 वर्गफुट की दुकान का जबरन विक्रयनामा तैयार कराकर हस्ताक्षर करवा लिए।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी पीड़ित के घर पहुंचे और उसकी पत्नी भूमा रैकवार तथा साली प्रियंका बर्मन को भी धमकाकर दस्तावेज में गवाह के रूप में हस्ताक्षर करवा लिए। पूरी वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। रांझी पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 140(3), 308(2), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



