Latest News

जबलपुर में बेलगाम बदमाश: मामूली विवादों में निकल रहे चाकू, शहर में बढ़ी दहशत

बेलगाम बदमाश: मामूली विवादों में निकल रहे चाकू, शहर में बढ़ी दहशत

जबलपुर शहर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मामूली कहासुनी, पैसों का विवाद और छोटी-छोटी बातों पर अब सीधे चाकू निकलने लगे हैं। लगातार सामने आ रही घटनाएं यह बताने के लिए काफी हैं कि शहर में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं और कानून का डर धीरे-धीरे खत्म होता जा रहा है। ताजा मामले माढ़ोताल और रांझी थाना क्षेत्र से सामने आए हैं, जहां मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया और युवकों पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया।

पहला मामला माढ़ोताल थाना क्षेत्र का है, जहां 20 वर्षीय अंकित खटीक पर चाकू से हमला किया गया। जानकारी के मुताबिक अंकित अपने साथियों के साथ मोहल्ले में आयोजित शिवमहापुराण कथा के लिए चंदा इकट्ठा कर रहा था। रात करीब 9 बजे मंगल भवन के पास वह अपने दोस्तों नुकुल खटीक, राज पटेल और वरुण चौरसिया के साथ मौजूद था। इसी दौरान अनूप नाम का युवक अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और चंदे में जमा पैसों के बारे में पूछताछ करने लगा।

बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अनूप और उसके साथी ने अंकित से पैसे मांगे। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोपियों ने अंकित के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और फिर चाकू निकालकर हमला कर दिया। इस हमले में अंकित के हाथ और उंगली में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

वहीं दूसरा मामला रांझी थाना क्षेत्र का है, जहां 20 वर्षीय साहिल कोल चाकूबाजी का शिकार हुआ। साहिल अपने रिश्तेदार पंकज कोल के साथ चाबी लेने गया था। लौटते समय व्हीएफजे खंडहर क्वार्टर के पास नमन रैकवार और अनुज कोल से उनका विवाद हो गया। बात पैसों और रंगदारी तक पहुंच गई और विवाद अचानक हिंसक हो उठा।

रिपोर्ट के मुताबिक बीच-बचाव करने पहुंचे साहिल कोल पर नमन रैकवार ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी दोनों जांघों में गंभीर चोटें आईं। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर शहर में खुलेआम चाकू लेकर घूम रहे बदमाशों पर लगाम क्यों नहीं लग पा रही? छोटी-छोटी बातों पर चाकू चलना यह दर्शाता है कि अपराधियों के भीतर कानून और पुलिस का डर कम हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त और अपराध नियंत्रण के दावे जमीनी स्तर पर कमजोर नजर आते हैं। शहर में असामाजिक तत्व सक्रिय हैं और युवा वर्ग तेजी से हिंसक प्रवृत्तियों की ओर बढ़ रहा है। अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
शहर को सुरक्षित बनाने के लिए सिर्फ एफआईआर दर्ज करना काफी नहीं होगा, बल्कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाना जरूरी है। वरना मामूली विवादों में बहता खून शहर की पहचान बन जाएगा।

“मामूली विवाद बन रहे खूनी संघर्ष, आखिर जबलपुर में कब थमेगी चाकूबाजी की वारदातें?”

Related Articles

Back to top button