Latest News

जबलपुर में मामूली विवादों में बहा खून, पुरानी दुश्मनी, रास्ते के झगड़े और पारिवारिक विवाद में चली लाठियां, और चाकू,

मामूली विवादों में बहा खून, पुरानी दुश्मनी, रास्ते के झगड़े और पारिवारिक विवाद में चली लाठियां, और चाकू,

जबलपुर में लगातार बढ़ रही मारपीट और हिंसक घटनाओं ने आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई तीन बड़ी घटनाओं में महिलाओं समेत कई लोग घायल हुए हैं। कहीं पुरानी दुश्मनी में हमला हुआ तो कहीं रास्ते में बाइक खड़ी करने की बात खूनी संघर्ष में बदल गई। वहीं पारिवारिक विवाद भी जानलेवा मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे वारदात के बाद खुलेआम जान से मारने की धमकी देकर फरार हो रहे हैं।

गढ़ा में पुरानी रंजिश का खूनी अंजाम
गढ़ा थाना क्षेत्र के महेशपुर इलाके में पुरानी रंजिश ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। पीड़िता आकांक्षा दुबे ने पुलिस को बताया कि उसके भाई आनंद दुबे और मोहल्ले के कृष्णा पंडित के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी अपने साथी विक्रम पटेल के साथ बाइक से मोहल्ले में पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।

जब आकांक्षा अपने भाई को बचाने पहुंची तो आरोपी ने उसके हाथ पर किसी धारदार वस्तु से हमला कर दिया। हमले में युवती घायल हो गई और काफी खून बहने लगा। मोहल्ले के लोग जमा हुए तो आरोपी बाइक छोड़कर मौके से भाग निकले। जाते-जाते दोनों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

रांझी में रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप
रांझी थाना क्षेत्र के पुराना शोभापुर में रास्ते में बाइक खड़ी करने की बात को लेकर जमकर मारपीट हुई। शिकायतकर्ता मोहम्मद खालिक के मुताबिक शरीफ खान और उसका बेटा सुल्तान खान रास्ते में बाइक खड़ी किए हुए थे। विरोध करने पर दोनों गाली-गलौज पर उतर आए।

आरोप है कि थोड़ी देर बाद शरीफ खान डंडा लेकर आया और सीधे सिर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई पत्नी शहनाज बी और बेटी सोनम खान को भी नहीं छोड़ा गया। दोनों महिलाओं पर डंडों से हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। बेटी सोनम की हालत गंभीर होने पर उसे विक्टोरिया अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

मझौली में परिवार के भीतर खूनी संघर्ष
मझौली थाना क्षेत्र के धनगवां गांव में मकान के लिंटर डालने की बात को लेकर परिवार के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। बताया जा रहा है कि बलराम कुशवाहा और उसके बड़े भाई सुखदेव कुशवाहा के बीच मकान निर्माण को लेकर बहस हुई थी।

विवाद बढ़ने पर आरोप है कि सुखदेव ने खतौनी से बलराम पर हमला कर दिया। हमले में बलराम के सिर, कंधे, सीने और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी रजनी कुशवाहा को भी डंडे से पीटा गया। परिवार के भीतर हुई इस हिंसक घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी अब भी फरार
तीनों मामलों में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कई आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। लगातार बढ़ती हिंसक घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि शहर और ग्रामीण इलाकों में छोटी-छोटी बातों पर भी लोग कानून हाथ में लेने लगे हैं।

Related Articles

Back to top button