Crime ReportsCrime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर में लुटेरों का आतंक! बुजुर्ग महिला की चेन, महिला का मंगलसूत्र और युवक का मोबाइल लूटा—तीन वारदातों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

जबलपुर। शहर में लूट और झपटमारी की घटनाओं ने आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गढ़ा, खितौला और ओमती थाना क्षेत्रों में बदमाशों ने अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया। कहीं 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को धक्का देकर सोने की चेन लूटी गई, तो कहीं महिला का मंगलसूत्र और सड़क पर जा रहे युवक का मोबाइल छीनकर आरोपी फरार हो गए। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर बदमाशों पर अंकुश कब लगेगा?

गढ़ा में 70 वर्षीय महिला को बनाया निशाना,
गढ़ा थाना क्षेत्र के शिमला हिल्स में कौशल्या पटेल (70) के साथ लूट की वारदात हुई। शिकायत के अनुसार, 14 अक्टूबर की शाम तिलवारा घाट से लौटने के बाद वह पड़ोसियों के साथ घर जा रही थीं। पप्पू अंडे की दुकान के सामने काली मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने महिला से सोने की चेन उतारने को कहा। विरोध करने पर उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और चेन छीनकर एलआईसी की ओर भाग गए।

खितौला में महिला का मंगलसूत्र झपटा,
खितौला थाना क्षेत्र की पालीवाल कॉलोनी में मोनू परौहा (38) अपने बेटे के साथ घर लौट रही थीं। इसी दौरान राजा मौर्य के निर्माणाधीन मकान के सामने मोटरसाइकिल सवार तीन युवक पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, बाइक चालक ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। इसके बाद तीनों आरोपी खितौला बाजार की ओर फरार हो गए।

ओमती में युवक का मोबाइल छीनकर भागे बदमाश,
ओमती थाना क्षेत्र में शहडोल निवासी विपिन कुमार सोनी (30) को निशाना बनाया गया। वह मुन्ना पान भंडार के पास गूगल मैप देखकर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवक पीछे से आए और उनके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए।

आरोपियों की गिरफ्तारी कब?
तीनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन सवाल यह है कि सड़कों और रिहायशी इलाकों में बेखौफ वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों पर लगाम कब लगेगी? बुजुर्ग महिलाओं और राहगीरों को निशाना बनाने वाले बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी जरूरी है। अब निगाहें पुलिस की गश्त, जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Related Articles