Featured NewsIndiaLatest News

ABG शिपयार्ड के निदेशकों के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी: सीबीआई सूत्र

नई दिल्ली: भारत में अब तक के सबसे बड़े बैंकिंग घोटाले को अंजाम देने वाले ABG शिपयार्ड ग्रुप के निदेशकों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है। समाचार एजेंसी एएनआई ने सीबीआई से जुड़े एक सूत्र के हवाले से ये जानकारी सार्वजनिक की है।

गौरतलब है कि ABG शिपयार्ड ग्रुप (ABG Shipyard) ने देश की 28 बैंकों के साथ धोखाधड़ी कर 22842 करोड़ रुपये का चूना लगाया है। अभी तक इस मामले में सीबीआई 8 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन बैंकों में ICICI, SBI और PNB जैसी बड़ी बैंक शामिल हैं।

ABG समूह पर आरोप है कि उसने बैंकों के समूह से लोन और कई तरह की क्रेडिट सुविधाएं ली। बैंकों से मिले पैसों को सहयोगी कंपनियों के जरिए विदेशों में भी भेजा गया। बैंकों से लोन के पैसे से विदेशों में जायदाद और शेयर खरीदे गए। नियमों को ताक पर रखकर पैसों को एक कंपनी से दूसरी कंपनियों में भेजा गया।

इस मामले में सोमवार को देश की सबसे बड़ी बैंक एसबीआई ने बयान जारी कर कहा था कि- ICICI बैंक के नेतृत्व में 2 दर्जन से अधिक कर्जदाताओं ने पैसे दिए थे। कंपनी के खराब प्रदर्शन के कारण नवंबर 2013 में खाता NPA हुआ था। कंपनी के संचालन को ठीक करने के लिए कई प्रयास किए गए लेकिन सब विफल रहे।

एसबीआई ने बयान में कहा- CBI ने ABG शिपयार्ड और उसके निदेशकों के ख़िलाफ़ 28 बैंकों को 22,842 करोड़ रुपए के तथाकथित धोखाधड़ी के आरोप में FIR दर्ज़ की। मार्च 2014 में सभी उधारदाताओं द्वारा CDR के तहत खाते का पुनर्गठन किया गया था। शिपिंग उद्योग मंदी के दौर से गुजर रहा था इसलिए कंपनी का संचालन पुनर्जीवित नहीं हो सका। पुनर्रचना विफल होने के कारण, खाते को नवंबर 2013 से जुलाई 2016 में NPA के रूप में वर्गीकृत किया गया था। अप्रैल 2018 में उधारदाताओं द्वारा E&Y को फोरेंसिक ऑडिटर के रूप में नियुक्त किया गया था। धोखाधड़ी मुख्य रूप से धन के विचलन, दुरुपयोग और आपराधिक विश्वासघात का है।

Related Articles

Back to top button