Latest News

​जबलपुर में स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप, स्मार्ट सिटी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप,

जबलपुर में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और भ्रष्टाचार के खिलाफ समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। आज सपा कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय पहुँचकर एक निजी अस्पताल के खिलाफ गंभीर शिकायतों का ज्ञापन सौंपा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की माँग की।
​सपा नेता आशीष मिश्रा ने बताया कि गोटेगांव की रहने वाली शकुन बाई और बसंती मल्लाह का गोटेगांव के पास एक्सीडेंट हो गया था। जब उन्हें इलाज के लिए जबलपुर लाया जा रहा था, तब रास्ते में ‘स्मार्ट सिटी अस्पताल’ के संचालकों द्वारा एम्बुलेंस चालक के साथ मारपीट की गई और जबरन मरीजों को अपने अस्पताल ले जाया गया।
​पीड़ित परिवार और सपा नेताओं का आरोप है कि ​अस्पताल में मरीजों के पैर को कई दिनों तक जानबूझकर सड़ाया गया ताकि इलाज लंबा चले, हैरानी की बात यह है कि अस्पताल में खुद का ऑपरेशन थिएटर तक नहीं था, फिर भी किसी अन्य अस्पताल में ले जाकर मरीजों के पैर काट दिए गए। यह सब केवल बीमा क्लेम की मोटी रकम वसूलने और अपना घर भरने के लिए किया गया।
​आशीष मिश्रा ने कहा कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। घर की बेटी, जो अपनी पढ़ाई छोड़कर मां की सेवा में लगी है, उसका भविष्य भी दांव पर है। सपा नेताओं ने एसपी से माँग की है कि इस ‘भ्रष्टाचार के खेल’ में शामिल अस्पताल संचालकों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को उचित मुआवजा व न्याय दिलाया जाए।

Related Articles

Back to top button