Latest News

जबलपुर: शहपुरा पुलिस की सख्ती: टीआई प्रवीण धुर्वे की अगुवाई में 2 आरोपी अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार

शहपुरा पुलिस की सख्ती: टीआई प्रवीण धुर्वे की अगुवाई में 2 आरोपी अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार

जबलपुर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में शहपुरा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही नाकाम कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे के नेतृत्व में दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा जिले के सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध हथियारों और मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनिवाल और एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में शहपुरा थाना पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे की सतर्कता और कुशल नेतृत्व में पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो युवक स्कूटी से अवैध फायर आर्म्स लेकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से पाटन से शहपुरा की ओर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीआई प्रवीण धुर्वे ने तत्काल टीम गठित कर पाटन-शहपुरा बायपास ओवरब्रिज के पास रणनीतिक रूप से नाकेबंदी की।

नाकेबंदी के दौरान एक सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे तेजी से भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम गोल्डी उर्फ कृष्णा धवलपुरी (19 वर्ष) निवासी कैथरा शहपुरा और लल्ला उर्फ आर्यन चक्रवर्ती (19 वर्ष) निवासी शहपुरा भिटौनी बताए। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से एक जिंदा कारतूस और दूसरे के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 देशी कट्टा, 1 जिंदा कारतूस और स्कूटी जब्त करते हुए दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे के नेतृत्व में उप निरीक्षक संतोष कुमार, सहायक उप निरीक्षक दिनेश सिंह, आरक्षक अमित पटेल और गौरव सोनी की सराहनीय भूमिका रही। शहपुरा पुलिस की इस मुस्तैदी ने न केवल संभावित अपराध को टाल दिया, बल्कि क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत किया है।

Related Articles

Back to top button